Chhattisgarh


कलेक्टर ने धान खरीदी केन्द्र सिकोसा का लिया जायजा

बालोद। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने बुधवार को जिले के गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम सिकोसा में धान खरीदी केन्द्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शर्मा ने धान खरीदी केन्द्र में उपस्थित अधिकारी, कर्मचारियों से अब तक की धान की कुल खरीदी एवं धान के उठाव एवं बारदाने की उपलब्धता आदि के संबंध में जानकारी ली।

उन्होंने किसानों के द्वारा अपने धान की बिक्री हेतु अब तक कराए गए कुल ऑनलाइन पंजीयन के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आर्द्रतामापी यंत्र से धान की नमी की जांच भी किया। शर्मा ने धान खरीदी केन्द्र में उपस्थित दौलतराम, कामता राम एवं अन्य किसानों से बातचीत कर धान खरीदी केन्द्र की व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।

किसान कामता राम साहू ने बताया कि उनके द्वारा अब तक कुल 34 क्विंटल धान की बिक्री की गई है। कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि धान खरीदी केन्द्रों में धान बिक्री के लिए आने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी बिल्कुल भी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को सभी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Back to top button