पूर्व विधायक का आरोप: बागेश्वर धाम शिष्य मंडल ने कराया जानलेवा हमला

[ad_1]
छतरपुर2 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
बीते रोज शहर के सटई रोड पर हुए हमले को लेकर चंदला क्षेत्र के पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने बागेश्वर धाम शिष्य मंडल पर आरोप लगाया है। उन्होंने कलेक्टर और एसपी को दिए शिकायती आवेदन में आरोप लगाया कि 3 अक्टूबर को ओबीसी महासभा के मंच पर उनके द्वारा बागेश्वर धाम के मुखिया के पाखंड को उजागर किया था। इसी वजह से उनके शिष्य मंडल द्वारा उनको जान से मारने के उद्देश्य से हमला किया गया है। चंदला के वर्तमान विधायक राजेश प्रजापति के पिता और पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने बताया कि 3 अक्टूबर को मेला ग्राउंड में ओबीसी महासभा की सभा में दिए गए उनके भाषण के बाद से फेसबुक, सोशल मीडिया पर उन्हें लगातार धमकियां मिल रहीं हैं। उनके खिलाफ जाति सूचक शब्दों का उपयोग किया जा रहा है। उनकी मां-बहन के बारे में अपशब्द उपयोग किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि यह हमला उसी आंदोलन से प्रेरित और सुनियोजित है। मुझे अपनी जान का खतरा है। अगर मुझे कुछ भी होता है या जान भी जाती है तो इसके जिम्मेदार बागेश्वर धाम से जुड़े शिष्य मंडल के सदस्य होंगे। आेबीसी महासभा के कार्यक्रम में दिया था उग्र भाषण- बता दें कि 3 अक्टूबर को छतरपुर के मेला ग्राउंड में हुए ओबीसी महासभा के आंदोलन में पूर्व विधायक आरडी प्रजापति ने उग्र भाषण दिया था। उन्होंने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पर कई आरोप लगाए थे। जिसके बाद बागेश्वर धाम शिष्य मंडल और सवर्ण समाज द्वारा उनके खिलाफ लगातार विरोध प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। भड़काऊ भाषण देने पर उनके ऊपर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
अज्ञात आरोपियों पर दर्ज हुआ मामला- मंगलवार की देरशाम छतरपुर शहर के सटई रोड पर पूर्व भाजपा विधायक आरडी प्रजापति की गाड़ी पर किसी ने पत्थरों से हमला किया था। वह अपने निज सचिव के घर से वापस लौट रहे थे, तभी होमगार्ड पेट्रोल पंप के पास उन पर पत्थरों से हमला हुआ। हमले में गाड़ी, पूर्व विधायक की पीठ पर भी पत्थर लगे। उनकी शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी पर धारा 336, 427 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं इस मामले में बागेश्वर धाम के संवाद प्रमुख कमल अवस्थी ने बताया कि महाराजजी को घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है। घटना क्या है और इसके पीछे की वजह क्या है। इससे बागेश्वर धाम शिष्य मण्डल का कोई लेना देना नहीं है।
Source link