Chhattisgarh

कटेकल्याण का समेकित विकास प्रशासन की प्राथमिकता : विनीत नंदनवार

दंतेवाड़ा, 16 सितंबर। कलेक्टर विनीत नंदनवार ने कटेकल्याण जनपद कार्यालय में गुरुवार को सर्व समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों से मिलकर कटेकल्याण क्षेत्र के विकास से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा की। समाज प्रमुखों ने अपनी मांगों, समस्याओं को लेकर कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखी। कलेक्टर ने बड़े ही सहज ढंग से उनको अवगत कराया कि आपकी सभी समस्याओं का त्वरित निराकरण करते हुए कटेकल्याण का समेकित रूप से विकास करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि ब्लॉक के समस्त हाई एवं हायर सेकेण्डरी स्कूलों को स्वामी आत्मानंद स्कूल के तर्ज पर बच्चों को बेहतर शिक्षा एवं सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अद्योसंरचनाओं में आवश्यक मूलभूत सुधार किए जाएंगे। लैब, पुस्तकालय, कम्प्युटर लैब, स्मार्ट क्लास, खेल मैदान एवं अन्य सुविधा उपलब्ध कराने हेतु इस योजना के तहत कार्रवाई की जा रही है। शिक्षकों की कमी को देखते हुए जिले में 284 अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की गयी है, जिससे बच्चों की पढ़ाई किसी भी प्रकार से बाधित नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। साथ ही कटेकल्याण में संचालित मां दन्तेश्वरी शा. पेट्रोल पंप का नियमित संचालन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए गये है। जिससे अब ग्रामीणों को पेट्रोल-डीजल प्राप्त करने में असुविधा नहीं होगी। इस पर उपस्थित समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों ने संतोष जताया व संबंधित क्षेत्र के विकास हेतु सुझाव भी दिए। कलेक्टर ने सभी के सुझावों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि कटेकल्याण पर हमारा विशेष फोकस है, यहां हर क्षेत्र में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

Related Articles

Back to top button