Chhattisgarh

सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का हुआ आयोजन

जांजगीर-चांपा, 17 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल जिला चिकित्सालय जांजगीर-चांपा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। इस अवसर पर कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने रक्तदान शिविर में शामिल होकर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा रक्तदाताओं से संवाद कर उनका हौसला बढ़ाया।
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि रक्तदान एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा है, जिसके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलती है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने तथा रक्त के संग्रहण एवं भंडारण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने डायलिसिस यूनिट का किया निरीक्षण, सुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिला चिकित्सालय स्थित डायलिसिस यूनिट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने डायलिसिस यूनिट में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने डायलिसिस प्रक्रिया के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कलेक्टर ने डायलिसिस यूनिट की आवश्यकता के अनुरूप पानी की क्षमता बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार कर भेजने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डायलिसिस यूनिट में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि डायलिसिस के लिए आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिले और इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित की जाएं। इस दौरान सीएमएचओ डॉ अनिता श्रीवास्तव, सिविल सर्जन सहित डॉक्टर्स एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button