अनुष्का शर्मा-विराट कोहली ने अलीबाग में खरीदा 19 करोड़ रुपये का फार्महाउस
नई दिल्ली ,5 सितम्बर। अनुष्का शर्मा और भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली हॉट कपल के रूप में जाने जाते हैं। अनुष्का जहां बॉलीवुड की टॉप अभनेत्री हैं, वहीं विराट की गिनती दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में होती है। अब इस कपल के फैंस के लिए एक खुशखबरी आई है। खबरों की मानें तो विराट और अनुष्का ने अलीबाग में एक शानदार फार्महाउस खरीदा है। इस कपल ने यह फार्महाउस 19 करोड़ रुपये में लिया है। अनुष्का और विराट ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर अलीबाग में एक फार्महाउस खरीदा है। ऐसी चर्चा है कि अलीबाग के एक गांव जीराड के पास आठ एकड़ की जमीन पर कपल का घर बनाया जाएगा।
कहा जा रहा है कि विराट और अनुष्का ने घर खरीदने के लिए सरकारी खजाने में 1.15 करोड़ रुपये जमा किए हैं। दोनों ने 3.35 लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी भी जमा कराई है। विराट की अनुपस्थिति में उनके भाई विकास कोहली ने लेन-देन का काम पूरा किया। ऐसा इसलिए क्योंकि विराट वर्तमान में एशिया कप टूर्नामेंट खेलने के लिए दुबई में मौजूद हैं। समीरा हैबिटेट्स नाम की एक जानी-मानी रियल एस्टेट कंपनी ने इस प्रॉपर्टी से संबंधित डील पूरी की।
अलीबाग जैसे शानदार लोकेशन पर इसे एक हाइप्रोफाइल डील माना जा रहा है। विराट और अनुष्का छह महीने पहले इस प्रॉपर्टी को देखने के लिए गए थे। अलीबाग को महाराष्ट्र का रिहायशी इलाका माना जाता है। यहां पर कई सेलेब्स के फार्महाउस हैं। कुछ समय पहले ही रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने अलीबाग में एक प्लॉट खरीदा था। अलीबाग में शाहरुख खान और गौरी खान ने भी अपनी प्रॉपर्टी अर्जित की है। शाहरुख अक्सर अपना जन्मदिन अलीबाग में ही मनाना पसंद करते हैं।
पिछले साल की शुरुआत में वरुण धवन ने भी अलीबाग में ही अपनी गर्लफ्रेंड नताशा दलाल से शादी रचाई थी। अनुष्का को आखिरी बार 2018 में आई फिल्म ‘जीरो’ में देखा गया है। इस फिल्म में वह शाहरुख के साथ दिखी थीं। फिल्म का निर्देशन आनंद एल राय ने किया था। वह महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी रहीं झूलन गोस्वामी की बायोपिक को लेकर भी चर्चा में हैं। अनुष्का की प्रोडक्शन कंपनी ‘क्लीन स्लेट फिल्म्स’ के बैनर तले फिल्म ‘काला’ का निर्माण किया जा रहा है। फिल्म से दिवंगत अभिनेता इरफान खान के बेटे बाबिल खान डेब्यू करेंगे।