सिद्धार्थनगर: घर में घुसकर छेड़खानी करने के आरोपी को गांववालों ने पेड़ से बांधकर पीटा

यूपी के सिद्धार्थनगर में घर में घुसकर एक महिला के साथ छेड़खानी के आरोपी को गांववालों ने पेड़ से बांधकर लाठियों से बुरी तरह पीट दिया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यूपी के सिद्धार्थनगर में घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के आरोपी युवक को पकड़कर गांव के लोगों ने पेड़ से बांध दिया और लाठियों से जमकर पीटा। इसका एक वीडियो शुक्रवार देर शाम वायरल होने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके साथ जिस महिला के ससुर की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि युवक की पिटाई करने वालों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया जाएगा। 

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग एक युवक को पेड़ में रस्सी से बांध कर लाठियों से पिटाई कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वीडियो को संज्ञान में लेकर जांच की गई तो मामला छेड़खानी से जुड़ा हुआ मिला।

जिस विवाहित महिला के साथ छेड़छाड़ की गई है उसके ससुर ने भवानीगंज थाना पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि दो सितंबर की रात दो बजे बस्ती जिले के कटरिया नानकार थाना सोनहा निवासी युवक उनके घर में घुस कर बहु से छेड़खानी करने लगा। शोर सुनकर हम सभी जाग गए और युवक को पकड़ लिया। युवक को पकड़ कर थाने पर वही लोग ले भी गए।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ धारा 354, 452 के तहत केस दर्ज कर लिया है। भवानीगंज थानाध्या गौरव सिंह ने बताया कि पीडि़त महिला के ससुर की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। युवक के घर के वालों को सूचना दे दी गई है। पिटाई करने वालों के खिलाफ तहरीर मिलने पर उनपर भी कार्रवाई होगी।

एक युवक घर में घुस कर रात में महिला से छेड़खानी करने लगा था। घर वालों ने उसे पकड़ लिया था। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। संज्ञान में यह भी आया है कि आरोपी युवक के साथ मारपीट भी की गई है। इस संबंध में भी केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अमित कुमार आनंद, एसपी