Entertainment

6 अगस्त को रिलीज होगा नानी स्टारर ‘द पैराडाइज’ का टीजर, 21 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म

मुंबई। नैचुरल स्टार नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ एक बार फिर चर्चा में है। मेकर्स ने घोषणा की है कि फिल्म का बहुप्रतीक्षित टीजर 6 अगस्त को रिलीज किया जाएगा। फिल्म का टीजर 1 मिनट 35 सेकेंड लंबा होगा, जिसे लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

फिल्म के ऐलान के बाद से ही द पैराडाइज लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। इसके फर्स्ट लुक पोस्टर्स, दमदार प्रमोशनल कैंपेन और अनाउंसमेंट वीडियो को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला था। खासतौर पर फिल्म के रॉ और इंटेंस प्रेजेंटेशन ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा।

इस बीच फिल्म का पहला गीत ‘आया शेर’ भी बड़ी सफलता हासिल कर चुका है। यह गाना यूट्यूब पर 20 करोड़ से अधिक व्यूज और 18 लाख से ज्यादा लाइक्स प्राप्त कर चुका है। सोशल मीडिया और म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर इसकी लोकप्रियता ने फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है।

टीजर की घोषणा करते हुए निर्देशक श्रीकांत ओडेला ने सोशल मीडिया पर केवल इतना लिखा—”The Paradise Teaser – 6 August.” वहीं, मेकर्स ने पोस्ट साझा करते हुए कहा कि “1 मिनट 35 सेकेंड का पागलपन तैयार है। #TheParadise का टीजर 6 अगस्त को रिलीज होगा।”

‘दसरा’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद नानी और श्रीकांत ओडेला की जोड़ी एक बार फिर साथ आ रही है, जिससे फिल्म को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।

एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी ‘द पैराडाइज’ 21 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में रिलीज की जाएगी। अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक फिल्म की पहुंच बढ़ाने के लिए मेकर्स ने हॉलीवुड अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स से विदेशी बाजारों में फिल्म को प्रस्तुत करने के संबंध में भी संपर्क किया है।

दमदार कहानी, बड़े पैमाने पर निर्माण और नानी के इंटेंस अवतार के चलते ‘द पैराडाइज’ इस साल की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है।

Related Articles

Back to top button