Chhattisgarh

बलौदाबाजार में सूने मकान से 3.16 लाख के सोने-चांदी के जेवर चोरी, नौ आरोपी पकड़े गए

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने शहर में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी करने वा,ले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नौ आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक महिला, चार पुरुष और चार विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के भूषण और चांदी के सिक्के बरामद किए हैं। चोरी की घटना शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी, सोनपुरी रोड स्थित एक मकान में हुई थी, जहां से करीब 3 लाख 16 हजार रुपये के जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी किए गए थे।

पुलिस के अनुसार, शिवा रेसिडेंसी कॉलोनी निवासी तुलसी चरण जायसवाल (32) ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 से 20 अक्टूबर 2026 के बीच अज्ञात चोरों ने उनके मकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और चांदी के सिक्के चोरी कर लिए। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 887/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 और 61(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP गौरव राय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच तेज की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के मार्गों और इलाकों में लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों से मिली सूचना और मैदानी जांच के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद दबिश देकर चोरी की वारदात में कथित रूप से शामिल नौ लोगों को पकड़ा गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों और कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे। मकान में किसी के नहीं होने की पुष्टि करने के बाद वे रात के अंधेरे में योजनाबद्ध तरीके से चोरी को अंजाम देते थे।

पुलिस ने बताया कि मामले में रितेश कुमार पाढ़ी (34), हेमनाथ यादव उर्फ गोलू उर्फ टप्पू (27), प्रियांशु साहू उर्फ लक्की (18) और युवराज दुलानी उर्फ युवी (18) के साथ सृष्टि उर्फ डाली ठाकुर (26) तथा चार विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध 23 अक्टूबर को वैधानिक कार्रवाई की गई।

बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को दें। इसके लिए दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर भी सूचना दी जा सकती है।

Related Articles

Back to top button