4 दिन भारी बारिश का अलर्ट: बिजली गिरने से जशपुर की 2 महिलाओं की मौत; 20 घायल, धान रोपाई के दौरान हादसा

छत्तीसगढ़ में आज कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। मंगलवार को ओडिशा के सुंदरगढ़ में धान की रोपाई कर रही जशपुर की दो महिला मजदूरों की बिजली गिरने से मौत हो गई।
हादसे में चंपा तिर्की (28) और सुशीला तिर्की (26) की जान गई। दोनों जशपुर के तुमला थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। इसी हादसे में 20 से ज्यादा मजदूर घायल हुए हैं, जिन्हें सबडेगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि बिलासपुर जिले में कुछ जगह भारी बारिश रिकॉर्ड की गई।
अगले 2 दिन कई जगह हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। उत्तर छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन तक मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश में 1 जून से अब तक सामान्य से 5% कम बारिश हुई है, जिसे मौसम विभाग ने सामान्य श्रेणी में रखा है।




