“23 नहीं, अब 25 सितंबर को होगा महा रक्तदान शिविर, प्रशासनिक कारणों से बदली तारीख; अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान की अपील”

कोरबा/करतला, 23 सितम्बर। मानव सेवा और जरूरतमंद मरीजों की जिंदगी बचाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला वृहद रक्तदान शिविर अब 23 सितंबर के बजाय 25 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, ब्लॉक करतला द्वारा प्रशासनिक कारणों से शिविर की तिथि में परिवर्तन किया गया है। विभाग ने आमजन से नई तिथि पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने की अपील की है।
यह वृहद रक्तदान शिविर 25 सितंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, करतला (जिला कोरबा) में आयोजित होगा। आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना और समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि 23 सितंबर को प्रस्तावित शिविर अब स्थगित कर दिया गया है और अब इसका आयोजन 25 सितंबर को किया जाएगा। लोगों से अनुरोध किया गया है कि वे नई तिथि को ध्यान में रखते हुए शिविर में शामिल हों और रक्तदान कर किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का पुण्य कार्य करें।
विभाग का कहना है कि एक यूनिट रक्त कई लोगों की जिंदगी बचाने में सहायक हो सकता है। रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए नई उम्मीद बनता है, बल्कि यह स्वस्थ समाज और मानवीय संवेदनाओं को भी मजबूत करता है।
स्वास्थ्य विभाग ने युवाओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 25 सितंबर को अधिक से अधिक संख्या में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, करतला पहुंचकर इस महाअभियान को सफल बनाएं। “रक्तदान महादान” के संदेश के साथ सभी नागरिकों से स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की इस मुहिम में सहभागी बनने का आग्रह किया गया है।




