Chhattisgarh

15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा साइबर जागृति अभियान, सात चरणों में नागरिकों को किया जाएगा जागरूक

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 15 अगस्त। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं से आम नागरिकों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक व्यापक साइबर जागृति अभियान चलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस अभियान को सात चरणों में संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेजों से लेकर ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों तक साइबर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ की तैयारियों के तहत शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने साइबर जागृति अभियान के आधिकारिक पोस्टर एवं ‘सेल्फी QR कोड’ का विमोचन किया। इस पहल का उद्देश्य अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

पुलिस के अनुसार अभियान करीब सात सप्ताह तक सात अलग-अलग चरणों में संचालित होगा। पहले चरण में स्कूल एवं कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और ऑनलाइन सुरक्षा की बुनियादी जानकारी दी जाएगी। दूसरे चरण में UPI सुरक्षा और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, तीसरे चरण में फर्जी कॉल एवं साइबर ठगी, चौथे चरण में स्मार्टफोन प्राइवेसी और सुरक्षित ब्राउजिंग तथा पांचवें चरण में फिशिंग से बचाव को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

छठे चरण में डेटा प्राइवेसी और व्यक्तिगत जानकारी की सुरक्षा पर लोगों को जागरूक किया जाएगा। वहीं सातवें चरण में ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर ‘साइबर मुक्त छत्तीसगढ़’ का संकल्प अभियान चलाया जाएगा। अभियान का समापन 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के दिन होगा।

अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ने के लिए जिला पुलिस एवं थाना प्रभारियों द्वारा सार्वजनिक स्थानों, चौक-चौराहों, पार्कों और बाजारों में पोस्टर-बैनर के माध्यम से सेल्फी QR कोड का प्रचार किया जाएगा। नागरिक इस QR कोड के माध्यम से अभियान से अपनी सहभागिता दर्ज करा सकेंगे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने जिले के पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने पत्रकारों से अपने समाचार माध्यमों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल, डीएसपी मुख्यालय संतोषी ग्रेस, एसडीओपी गोविंद दीवान, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित जिले के पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button