Chhattisgarh

13 वीं राज्य स्तरीय किकबॉक्सिंग स्पर्धा सम्पन्न,कोरबा ने 69 पदक जीतकर जीती ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी

कोरबा, 14 मई 2026। छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 13वीं राज्य स्तरीय चिल्ड्रन, कैडेट एवं जूनियर किकबॉक्सिंग स्पर्धा का आयोजन 10 से 12 मई तक कोरबा में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विभिन्न जिलों से आए 7 से 18 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रतियोगिता में प्वाइंट फाइटिंग, लाइट कॉन्टैक्ट, किक लाइट, म्यूजिकल फॉर्म्स एवं क्रिएटिव फॉर्म्स जैसी स्पर्धाओं का आयोजन विभिन्न वजन वर्गों में किया गया। समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, क्रीड़ा भारती कोरबा के अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, जिला ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान, नरेंद्र देवांगन, निर्मला मूंदड़ा एवं सुशील गर्ग मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि लखन लाल देवांगन ने कहा कि खेल व्यक्तित्व विकास, समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। वहीं महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि खेलों से बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होता है तथा आत्मविश्वास बढ़ता है। छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगन लाल मूंदड़ा ने कहा कि किकबॉक्सिंग आत्मरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण खेल है।

प्रतियोगिता में कोरबा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 53 स्वर्ण, 12 रजत एवं 4 कांस्य पदक सहित कुल 69 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम की। रायपुर जिले ने 32 स्वर्ण, 33 रजत एवं 32 कांस्य पदकों के साथ दूसरा तथा बिलासपुर ने 30 स्वर्ण, 30 रजत एवं 15 कांस्य पदकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।

बालिका वर्ग में सृष्टि मिश्रा, हर्षिता यादव, नाफिया सिद्दीकी, समायरा नाहक, काव्या दिनेश, आराध्या अग्रवाल, कृति साहू, अवन्या तिवारी, श्रद्धा लक्ष्मी साहू, नूतन तिवारी, नव्या तिवारी, अदाया उपाध्याय, मानसी यादव, दिव्या कर्ष, कर्रा तेजस्वनी, नैना प्रजापति, आफिया फातिमा एवं आस्था गुप्ता ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं श्रेया लक्ष्मी साहू एवं दिव्यांशी ए ने रजत तथा दिव्यांशी एवं कर्रा तेजस्वनी ने कांस्य पदक हासिल किए।

बालक वर्ग में हिन्द यादव, मोहम्मद अर्श, वैदिक पलेरिया, खुशाल साहू, नमन प्रजापति, दक्षवीर, शिवा साहू, चिराग चौहान, श्लोक राज राठौर, शशांक निर्मलकर, स्पर्श गोयल, नितेश साहू, मयंक सिंह, प्रद्युम गोयल एवं प्रियांशु शर्मा ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं पी. साईं हर्ष, सौरभ साहू, आशुतोष गुप्ता, अभिजीत मानिकपुरी एवं प्रतीक साहू ने रजत तथा आवेश रजा एवं ऋषभ पांडु ने कांस्य पदक अपने नाम किए।

प्रतियोगिता के आधार पर चयनित जूनियर खिलाड़ी 30 मई से 3 जून तक केटी ग्लोबल स्कूल, भुवनेश्वर (ओडिशा) तथा सब जूनियर खिलाड़ी 17 से 21 जून तक इंदौर पब्लिक स्कूल, इंदौर (मध्यप्रदेश) में आयोजित वाको इंडिया राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता-2026 में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में निर्णायक मंडल एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों प्रभात साहू, मनीष बाग, रघुनाथ नायक, मयंक डडसेना, लोकिता चौहान, शुभम यादव, जुनैद आलम, अंकुश लाल यादव, सरवर इक्का, स्वाति रजवाड़े, अमन सोनी, दुर्गेश पटेल, अन्नू देवी कंवर, रमेश साहू, सूरज साहू, हिमांशु बर्मन, सीमा निषाद, आशीष प्रजापति, जगदीश यादव, मोहित राम, रजत गोयल, कुलदीप गुप्ता, भानु प्रताप साहू एवं मनोज कसेरा का विशेष योगदान रहा।

Related Articles

Back to top button