Chhattisgarh

मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत कांग्रेस 25 जनवरी को निकालेगी पदयात्रा

जांजगीर-चांपा, 23 जनवरी । मनरेगा योजना को कमजोर किए जाने के विरोध और ग्रामीण मजदूरों को उनके अधिकार दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत 25 जनवरी को एक दिवसीय पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पदयात्रा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ के तत्वावधान में आयोजित की जाएगी, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूरों और किसानों के शामिल होने की संभावना है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि पदयात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना में किए जा रहे कटौती और कमजोर करने के प्रयासों के खिलाफ आवाज़ बुलंद की जाएगी। साथ ही मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने, रोजगार के दिनों में वृद्धि और मनरेगा को सशक्त बनाए जाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई जाएगी।

पदयात्रा नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम सेमरा से प्रारंभ होकर बुड़ेना तक जाएगी। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और ग्रामीण मजदूर एकजुट होकर मनरेगा के पक्ष में नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रशासन तक पहुंचाएंगे।

इस पदयात्रा में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, जांजगीर-चांपा विधानसभा के विधायक व्यास कश्यप, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष पंकज शुक्ला सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहेंगे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नवागढ़ के अध्यक्ष योगेंद्र प्रताप सिंह (गौरव) ने जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र के किसानों और मजदूरों से अपील की है कि वे पदयात्रा कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपने अधिकारों की लड़ाई को मजबूती प्रदान करें। उन्होंने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के लिए जीवनरेखा है और इसे कमजोर करने के किसी भी प्रयास का कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती रहेगी।

Related Articles

Back to top button