Chhattisgarh

हथियारबंद लूट और नकबजनी का कोटा पुलिस ने किया खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। थाना कोटा पुलिस ने सशस्त्र हथियार के साथ लूट और नकबजनी की घटनाओं में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर एक पिस्टल, सोने के आभूषण, वारदात में प्रयुक्त आर्टिका कार क्रमांक सीजी 10 बीएल 1645, मोटरसाइकिल प्लेटिना क्रमांक सीजी 10 ईएन 4637 और छह मोबाइल फोन जब्त किए हैं। पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में लूटा गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक 8 जुलाई 2026 को बेलगहना रेलवे स्टेशन से 7,430 रुपये की कलेक्शन राशि लेकर जा रहे रेलवे कर्मचारी को बड़े बराबर मोड़ के पास सलका डैम के नजदीक अज्ञात लोगों ने निशाना बनाया था। आरोपियों ने कर्मचारी का बैग झपट लिया और उसे धक्का देकर गिरा दिया था। मामले में थाना कोटा में अपराध क्रमांक 559/2026 के तहत धारा 304(2), 3(5) बीएनएस में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

इसी तरह 18 जुलाई 2026 को अज्ञात आरोपियों ने बुर्का पहनकर राजकुमारी जायसवाल के घर में प्रवेश किया और मारपीट करते हुए एयर गन दिखाकर सोने के आभूषण लूट लिए थे। वारदात में तीन फल लॉकेट और दो गेहूं दाना सहित करीब 50 हजार रुपये के आभूषण लूटे गए थे। इस मामले में थाना कोटा में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी।

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से महत्वपूर्ण सूचना मिली। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना से अवगत कराने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कोटा नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में टीम गठित कर आरोपियों के ठिकानों पर रेड कार्रवाई की गई।

पुलिस ने राकेश जायसवाल (35), दिव्यांशु जायसवाल (24), आदर्श तिवारी (26), हर्ष नामदेव (25), हर्ष सोनी (24) और सनी सिंह (35) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी कोटा थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों के निवासी हैं। पूछताछ में सामने आया कि राकेश जायसवाल ने अपने साथी दिव्यांशु जायसवाल और आदर्श तिवारी के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई थी।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल करने के लिए सनी सिंह से पिस्टल मांगी थी। सनी सिंह उन्हें रीवा ले गया, जहां उसके भाई के माध्यम से पिस्टल उपलब्ध कराई गई। दोनों घटनाओं को राकेश जायसवाल, आदर्श तिवारी और दिव्यांशु जायसवाल ने मिलकर अंजाम दिया।

लूटे गए सोने के आभूषणों को हर्ष नामदेव की मदद से हर्ष सोनी को बेचा गया, जो ज्वेलरी दुकान संचालित करता है। इसके बदले आरोपियों ने रकम प्राप्त की। पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर संबंधित सामान जब्त कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत भारद्वाज, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, सहायक उप निरीक्षक भरत राठौर, प्रधान आरक्षक सत्य प्रकाश यादव, आरक्षक 192 धर्मेंद्र साहू, आरक्षक 1356 संजय श्याम सहित थाना कोटा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने पुलिस टीम के कार्य की सराहना करते हुए सभी संबंधित पुलिसकर्मियों के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button