बीजापुर में बड़ी सफलता: सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में 6 माओवादियों को किया ढेर, ऑटोमैटिक हथियार बरामद

बीजापुर, 11 नवंबर।
बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में मंगलवार को सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 6 माओवादी मारे गए हैं। घटनास्थल से ऑटोमैटिक हथियार, इंसास राइफल, स्टेनगन, .303 राइफल सहित विस्फोटक एवं माओवादी सामग्री बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने आज सुबह 10 बजे से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान माओवादियों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग की, जिसके जवाब में बलों ने मोर्चा संभालते हुए मुठभेड़ को अंजाम दिया।
बीजापुर पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों ने बहादुरी से जवाबी कार्रवाई की, जिसमें छह माओवादी मारे गए हैं। मौके से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की गई है। क्षेत्र में अब भी रुक-रुक कर फायरिंग जारी है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. ने कहा कि यह सफलता सुरक्षा बलों के लिए एक निर्णायक और महत्वपूर्ण बढ़त है। उन्होंने बताया कि यह अभियान ऐसे समय में सफल हुआ है जब माओवादी संगठन नेतृत्वविहीन, दिशाहीन और मनोबलहीन स्थिति में है। अतिरिक्त बलों को आसपास के इलाकों में भेजा गया है ताकि फरार माओवादियों की घेराबंदी की जा सके।
उन्होंने कहा कि ऑपरेशन अभी जारी है, इसलिए मुठभेड़ स्थल और अभियान से जुड़ी अन्य संवेदनशील जानकारी सुरक्षा कारणों से फिलहाल साझा नहीं की जा सकती। अभियान पूर्ण होने के बाद विस्तृत रिपोर्ट जारी की जाएगी।










