Chhattisgarh

सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 27 नवंबर को जिला स्तरीय रोजगार मेला, 271 पदों पर होगी भर्ती; 25 हजार रुपये तक मिलेगा वेतन

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 23 नवंबर 2026। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा अवसर है। जिला प्रशासन द्वारा आगामी 27 नवंबर 2026, शुक्रवार को नगर पंचायत सरसींवा में जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र द्वारा आयोजित इस मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों में कुल 271 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। रोजगार मेला सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा।

राज्य शासन की मंशानुरूप युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें निजी क्षेत्र में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार 12,200 रुपये से लेकर 25,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा।

इन कंपनियों में होगी भर्ती

रोजगार मेले में मेसर्स स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन मिलेगा। कार्यक्षेत्र सारंगढ़, सरसींवा और बसना सहित अन्य क्षेत्र होंगे।

मेसर्स जीनस पावर इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड में टेक्नीशियन के 30 पदों पर भर्ती होगी। इसके लिए 10वीं, 12वीं एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 15,240 से 18,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। कार्यक्षेत्र सारंगढ़, लैलूंगा एवं आसपास के क्षेत्र रहेंगे।

वहीं, मेसर्स चैतन्य इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में कस्टमर रिलेशनशिप एग्जीक्यूटिव के 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 12,200 रुपये मासिक वेतन मिलेगा।

टीपीएल सर्विसेज में 190 पदों पर भर्ती

मेसर्स टीपीएल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा विभिन्न तकनीकी एवं गैर-तकनीकी पदों पर भर्ती की जाएगी। इसमें टेक्नीशियन के 5, आईटीआई फिटर के 50, गैस कटर के 18, ग्राइंडर ऑपरेटर के 20, वेल्डर के 17, टर्नर के 5, केन ऑपरेटर के 10, मशीन ऑपरेटर के 15 तथा हेल्पर के 50 पद शामिल हैं। इन पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को 14,000 से 25,000 रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। इनका कार्यक्षेत्र जेएसपीएल निर्धारित किया गया है।

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए जरूरी दस्तावेज

जिला प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक शिक्षित बेरोजगार युवाओं से रोजगार मेले में शामिल होकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। इच्छुक अभ्यर्थियों को 27 नवंबर को सुबह 10:30 बजे नगर पंचायत सरसींवा स्थित रोजगार मेला स्थल पर उपस्थित होना होगा। अभ्यर्थी अपने साथ सभी मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, तकनीकी योग्यता संबंधी दस्तावेज एवं अन्य आवश्यक जानकारी लेकर पहुंचें।

रिक्त पदों, शैक्षणिक योग्यता और भर्ती प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र सारंगढ़-बिलाईगढ़ से प्राप्त की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button