Chhattisgarh

धमतरी में एसपी भावना पांडेय ने किया भखारा थाने का वार्षिक निरीक्षण, लंबित मामलों के जल्द निराकरण के दिए निर्देश

धमतरी, 18 नवंबर। जिले में बेहतर पुलिसिंग और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से SP भावना पांडेय ने 18 नवंबर को थाना भखारा का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों और पुलिसकर्मियों की कार्यशैली की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की वेशभूषा (टर्नआउट) और परेड का जायजा लिया। उत्कृष्ट परेड और बेहतर वेशभूषा का प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को नियमित शारीरिक व्यायाम और फिटनेस पर ध्यान देने की भी समझाइश दी।

एसपी ने थाना भवन, मालखाना, सीसीटीएनएस कक्ष, पुरुष एवं महिला हवालात तथा जब्तशुदा सामग्री के रखरखाव का निरीक्षण किया। साथ ही थाना परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण करने के निर्देश दिए।

TI निरीक्षक अरुण साहू से क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, अपराध नियंत्रण और लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग सहित अन्य मामलों की जानकारी ली गई। एसपी ने सभी विवेचकों को लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण करने तथा गंभीर अपराधों की विवेचना निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

अवैध गतिविधियों पर सख्ती और रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश

SP ने अवैध शराब बिक्री, जुआ-सट्टा, नशीले पदार्थों और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने और अपराधों की रोकथाम के लिए रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान रोजनामचा, केस डायरी, एफआईआर, अपराध रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, एमएलसी रजिस्टर, गुम इंसान एवं निरीक्षण पुस्तिका सहित महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच की गई। एसपी ने अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए। महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित अपराधों, गंभीर मामलों और न्यायालयीन प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ समंस-वारंट की शत-प्रतिशत तामीली पर भी जोर दिया।

फरियादियों से संवेदनशील व्यवहार पुलिस की प्राथमिकता

एसपी भावना पांडेय ने कहा कि थाने पहुंचने वाले प्रत्येक नागरिक और फरियादी की शिकायत को सम्मान एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। शिकायतों पर बिना देरी किए न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो।

उन्होंने शासकीय शस्त्रागार का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को हथियारों को खोलने-जोड़ने और सुरक्षित संचालन का नियमित अभ्यास करने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रत्येक माह दो दिन अनिवार्य रूप से हथियार अभ्यास आयोजित करने को कहा।

निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना स्टाफ का दरबार लेकर पुलिसकर्मियों की विभागीय एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने सभी कर्मचारियों को अनुशासन, सतर्कता, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान TI निरीक्षक अरुण साहू सहित थाने के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button