कांग्रेस महामंत्री ने भाजपा पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप: बोले- शिवपुरी की सैकड़ों हेक्टेयर जमीन कर दी अदानी ग्रुप के नाम

[ad_1]
शिवपुरी3 घंटे पहले
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शैलेंद्र सिंह भदौरिया गुरुवार को शिवपुरी पहुंचे। जहां उन्होंने मातोश्री होटल में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में राहुल गांधी के द्वारा निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा के बारे में जानकारी दी। कांग्रेस महामंत्री ने बताया कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। यह यात्रा मध्य प्रदेश में 20 नवंबर को बुरहानपुर से शुरू होगी। मप्र में यह भारत जोड़ो यात्रा 13 दिनों की होगी। इस यात्रा में राहुल गांधी कई जिलों से होकर गुजरेंगे। इस यात्रा का मकसद जन-जन को जोड़ना है।
कांग्रेस महामंत्री का कहना है कि भाजपा भारत जोड़ो यात्रा में कई प्रकार के विघ्न पैदा कर रही है इसलिए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने व्यापक सुरक्षा की मांग की है। ऐसी स्थिति में अगर मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में कोई भी वाद-विवाद की स्थिति बनती है तो इसकी जिम्मेदारी मध्य प्रदेश सरकार की होगी।
अदानी ग्रुप को सौंप दी हजारों हेक्टेयर शिवपुरी की जमीन
शैलेंद्र सिंह ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार का एक और भ्रष्टाचार उजागर करते हुए बताया कि शिवपुरी में हजारों हेक्टेयर जमीन अदानी ग्रुप को सौंप दी गई है। महामंत्री ने बताया सिंगरौली में कोल माइन की खदान अदानी ग्रुप को दी गई है नियमानुसार उन्हें कोल माइन के खदान के खनन की जमीन पर लगे हुए पेड़ों को उखाड़ने से पहले मध्य प्रदेश की अन्य भूमि पर पेड़ पौधे लगाने होंगे। इसी के चलते मध्य प्रदेश सरकार ने अदानी ग्रुप को शिवपुरी जिले के पोहरी बैराड़ क्षेत्र में ऐसी हजारों हेक्टेयर जमीन को पौधा लगाने के लिए सौंप दिया है जिसमें पहले से ही पेड़ लगे हुए हैं। जबकि शिवपुरी की जनता को इतने बड़े भ्रष्टाचार का भाजपा सरकार ने पता ही नहीं चलने दिया।
सिंध जलावर्धन में हुए भ्रष्टाचार का उठा मुद्दा
महामंत्री शैलेंद्र सिंह ने कहा की 18 वर्षों से भाजपा की सरकार जनता की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रही है जिसका जीता जागता उदाहरण शिवपुरी जिले में सिंध जलावर्धन योजना जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट में हुए भ्रष्टाचार को देखकर लगाया जा सकता है कई वर्षों पहले शुरू हुई सिंध जलावर्धन योजना में अब तक करोड़ों रुपए खर्च हो चुके हैं इसके बावजूद शहर की जनता पानी के लिए जूझ रही है। इसके अलावा युवा बेरोजगारी का दंश बरसों से झेलते आ रहे हैं शासकीय विभाग में भी कोई भी कार्य बिना रिश्वत के नहीं होता है हर घर को महंगाई का सामना करना पड़ रहा है।
जिला अध्यक्ष की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री शैलेंद्र सिंह भदौरिया की प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिवपुरी कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष प्रकाश शर्मा नदारद रहे। इसके साथ ही कई वरिष्ठ कांग्रेसी भी इस बैठक में नहीं पहुंचे। हालांकि महामंत्री ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष सहित अन्य कांग्रेस के पदाधिकारियों की उपस्थिति को लेकर कन्नी काट ली।
Source link