Chhattisgarh

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा, बस से 245 किलो गांजा जब्त; दो आरोपी गिरफ्तार

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 05 अक्टूबर। जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए करीब 245 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। इसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। गांजे को मलकानगिरी, ओडिशा से यात्री बस के जरिए छत्तीसगढ़ लाकर कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई किए जाने की बात प्रारंभिक पूछताछ में सामने आई है। पुलिस ने मामले में बस चालक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पेंड्रा पुलिस को गांजा तस्करी की सूचना मिली, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए थाना पेंड्रा अपराध क्रमांक 345/2026 में धारा 20(b)(II), 29 NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने Jaguar Travels की टाटा कंपनी की 44 सीटर स्लीपर बस क्रमांक OD30D0606 की तलाशी ली। बस से 49 पैकेटों में रखा करीब 245 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रत्येक पैकेट में लगभग 5 किलो गांजा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बस, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये, और तीन मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है, भी जब्त किए हैं।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार हिंडिया, निवासी नायपुरा, तहसील माथिली, जिला मलकानगिरी, ओडिशा और भीमसेन केवट, उम्र 30 वर्ष, निवासी धनौरा, मौहरपारा, थाना मरवाही, जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दिलीप कुमार बस का मालिक और चालक है तथा गांजे के अवैध परिवहन में सीधे तौर पर शामिल था। वहीं भीमसेन केवट कटघोरा से बस में सवार हुआ था और चालक को आगे का रास्ता बताते हुए उसके साथ जा रहा था।

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि गांजा मलकानगिरी से लाकर कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने तस्करी के संभावित रूट मलकानगिरी → बोरई → धमतरी → रायपुर → बिलासपुर → पाली → कटघोरा → पसान → पेंड्रा की जानकारी भी जुटाई है।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े सप्लायर, परिवहनकर्ता, रिसीवर और अन्य सहयोगियों की तलाश कर रही है। गांजा तस्करी से अर्जित अवैध धनराशि और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में पेंड्रा थाना प्रभारी उप निरीक्षक रणक्षोर सिंह सेंगर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गगन तिवारी सहित थाना पेंड्रा, खोंडरी चौकी और साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

जिला पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के अवैध परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button