Chhattisgarh

राष्ट्रीय सब जूनियर किकबॉक्सिंग में कोरबा का दमदार प्रदर्शन, सीएमए अकादमी ने जीते 13 पदक

3 स्वर्ण, 2 रजत और 8 कांस्य पदकों के साथ खिलाड़ियों ने जिले का बढ़ाया मान

कोरबा। मध्य प्रदेश के इंदौर में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय सब जूनियर किकबॉक्सिंग प्रतियोगिता में कोरबा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 13 पदक जीतकर जिले और प्रदेश का गौरव बढ़ाया। सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी, कोरबा के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 2 रजत और 8 कांस्य पदक अपने नाम किए।

खेल एवं युवा मंत्रालय, भारत सरकार से मान्यता प्राप्त वाको इंडिया किकबॉक्सिंग फेडरेशन के मार्गदर्शन तथा मध्य प्रदेश किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में 17 से 21 जून 2026 तक इंदौर पब्लिक स्कूल में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 1,600 खिलाड़ियों और 250 अधिकारियों ने भाग लिया।

छत्तीसगढ़ किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा एवं महासचिव आकाश गुरुदीवान ने बताया कि राज्य के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली, बलौदाबाजार और बेमेतरा सहित विभिन्न जिलों के 92 सब जूनियर खिलाड़ियों ने प्वाइंट फाइटिंग, लाइट कॉन्टैक्ट, किक लाइट, म्यूजिकल फॉर्म्स और क्रिएटिव फॉर्म्स स्पर्धाओं में हिस्सा लिया।

कोरबा की सीएमए किकबॉक्सिंग एकेडमी से 27 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। वैदिक पलेरिया, काव्या दिनेश और नाफिया सिद्दीकी ने स्वर्ण पदक जीते। श्रेया लक्ष्मी साहू तथा काव्या दिनेश ने रजत पदक हासिल किए। वहीं खुशाल साहू और समायरा नाहक ने दो-दो कांस्य पदक जीते, जबकि शिवा साहू, श्लोक राज राठौर, दिव्या कर्ष और आद्या उपाध्याय ने एक-एक कांस्य पदक अपने नाम किया।

इसके अलावा कृति साहू, अवन्या तिवारी, श्रद्धा लक्ष्मी साहू, दिव्यांशी ए., नव्या तिवारी, नूतन तिवारी, प्रियांशु शर्मा, सौरभ साहू, नैना प्रजापति, शशांक निर्मलकर, नितेश साहू, चिराग चौहान, ऋषभ पाण्डु, स्पर्श गोयल, मानसी यादव, हिंद यादव और के. तेजस्वनी ने भी अपने मुकाबलों में सराहनीय प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में कोरबा दल के प्रशिक्षक के रूप में लौकिता चौहान और अंकुश लाल यादव तथा रेफरी के रूप में मयंक डडसेना टीम के साथ मौजूद रहे।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष छगनलाल मूंदड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष तारकेश मिश्रा, महासचिव आकाश गुरुदीवान, खेल अधिकारी दीनू पटेल, सहायक खेल अधिकारी रामकृपाल साहू, क्रीड़ा भारती कोरबा के अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष नौशाद खान, सचिव सुरेश क्रिस्टोफर सहित खेल प्रशिक्षकों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों एवं टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button