Chhattisgarh

राज्य सेवा परीक्षा 2025 का 20 सितंबर से होने वाला इंटरव्यू स्थगित, मूल्यांकन को लेकर उठाए गए थे सवाल

रायपुर,17 सितंबर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा-2025 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। आयोग ने 16 सितंबर को जारी सूचना में 20 विभागों के 265 पदों के लिए होने वाले दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार को स्थगित कर दिया है। यह प्रक्रिया पहले 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित की जानी थी। आयोग ने स्थगित करने का कारण अपरिहार्य बताया है और नई तारीखों की सूचना बाद में आधिकारिक वेबसाइट पर जारी करने की बात कही गई है।

गौरतलब है कि CGPSC राज्य सेवा मुख्य परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर सवाल उठाए गए थे। अभ्यर्थियों ने दावा किया था कि कुछ मामलों में सही और गलत उत्तरों के बीच अंक देने में असमानता दिखाई देती है।

शिकायत में बुद्ध धर्म के महाभिनिष्क्रमण, घरेलू हिंसा अधिनियम-2005, छत्तीसगढ़ में होम रूल लीग की स्थापना और माता राजिम तेलिन से जुड़े प्रश्नों के उत्तरों में अंक देने के उदाहरणों का उल्लेख किया गया था। अभ्यर्थियों ने इन उदाहरणों के आधार पर मूल्यांकन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनरीक्षण की मांग की थी।

अभ्यर्थियों ने की थी इंटरव्यू स्थगित करने की मांग
अभ्यर्थियों की ओर से मांग की गई थी कि 21 सितंबर से प्रस्तावित इंटरव्यू को स्थगित किया जाए, प्रभावित उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराई जाए और स्वतंत्र विशेषज्ञ समिति गठित की जाए। इसके अलावा मूल्यांकन में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार परीक्षकों और अधिकारियों पर कार्रवाई तथा उत्तर पुस्तिकाएं निशुल्क उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई थी।

हालांकि, CGPSC ने इससे पहले स्पष्ट किया था कि राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2025 में पुनर्मूल्यांकन और पुनर्गणना का प्रावधान नहीं है। आयोग ने कहा था कि प्रश्नवार और पहचान रहित मूल्यांकन प्रक्रिया अपनाई जाती है तथा मूल्यांकन विषय विशेषज्ञों के माध्यम से कराया जाता है।

आयोग ने स्थगन को बताया ‘अपरिहार्य कारण’
जारी ताजा सूचना में CGPSC ने यह नहीं बताया है कि दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार स्थगित करने का संबंध मूल्यांकन को लेकर उठी आपत्तियों से है या नहीं। आयोग ने सिर्फ इतना कहा है कि पूर्व में जारी कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया जा रहा है।

बता दें कि राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 20 विभागों के कुल 265 पदों के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार 20 सितंबर से 1 अक्टूबर तक होना था।

अभ्यर्थियों ने जताया आभार
इंटरव्यू स्थगित होने के बाद CGPSC अभ्यर्थियों ने आभार पत्र भी जारी किया गया है। इसमें अभ्यर्थियों ने CGPSC से जुड़े मुद्दों को सामने लाने और उनकी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए मीडिया का आभार जताया है।

Related Articles

Back to top button