मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीज ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, गायनिक वार्ड के बाहर जाली से लटका मिला शव

रायगढ़। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 55 वर्षीय नारद लहरे के रूप में हुई है। वह सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भिखामपुरा गांव का रहने वाला था और पीलिया की बीमारी के उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती था।
जानकारी के अनुसार, नारद लहरे ने अस्पताल के गायनिक वार्ड के बाथरूम के बाहर लगी जाली में अपनी फुल पैंट से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। सुबह अस्पताल के स्टाफ की नजर जब शव पर पड़ी तो पूरे अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तत्काल अस्पताल प्रबंधन को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक जांच में फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मृतक के परिजनों और अस्पताल में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और परिजनों से पूछताछ के बाद ही आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मरीज द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा और मरीजों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल चक्रधर नगर थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




