Chhattisgarh

मेंटेनेंस-2 ने ऑपरेशन-3 को हराकर जीता ‘पावर कप’, एचटीपीएस में अंतरविभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता संपन्न

कोरबा, 22 अप्रैल 2026।
हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम स्थित हसदेव खेल परिसर में आयोजित अंतरविभागीय फ्लड लाइट टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता “पावर कप” का रोमांचक समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में मेंटेनेंस-2 विभाग ने ऑपरेशन-3 को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

10 दिवसीय इस प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्रीय कला एवं क्रीड़ा परिषद, कोरबा-पश्चिम द्वारा 11 से 20 अप्रैल तक किया गया, जिसमें कुल 8 विभागों की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 11 अप्रैल को मुख्य अभियंता एचके सिंह के हाथों हुआ था।

फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑपरेशन-3 की टीम ने 12 ओवर में 7 विकेट खोकर 91 रन बनाए। जवाब में मेंटेनेंस-2 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11.1 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और मैच अपने नाम कर लिया।

इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में ऑपरेशन-3 ने मेंटेनेंस-3 को तथा मेंटेनेंस-2 ने फ्यूल मैनेजमेंट-11 को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता एम.के. गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त मुख्य अभियंता के.एन.बी. राव ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। अतिथियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए ऐसे आयोजनों को खेल भावना और टीम वर्क को बढ़ावा देने वाला बताया।

व्यक्तिगत पुरस्कारों में मेंटेनेंस-2 के सतीश ध्रुव को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, ऑपरेशन-3 के शिवा भगत को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज तथा मेंटेनेंस-2 के हर्षल विश्वकर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया।

कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय कला एवं क्रीड़ा परिषद, कोरबा पश्चिम के सचिव अविनेश पाठक ने अतिथियों, खिलाड़ियों एवं आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button