Chhattisgarh

मुंगेली में मंडी से चोरी अनाज खरीदने वाला गल्ला दुकान संचालक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

मुंगेली । मुंगेली में मंडी के फड़ से चोरी किए गए अनाज को खरीदने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने गल्ला दुकान संचालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने मामले में चोरी गए मशरूके की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है। इससे पहले चोरी की वारदात में शामिल तीन युवकों, एक अन्य आरोपी और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, 30-31 जुलाई 2026 की दरमियानी रात मुंगेली मंडी परिसर स्थित फड़ से मसूर की 8 बोरी और तिवरा की 4 बोरी चोरी हो गई थी। चोरी गए अनाज की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई थी। मामले में प्रार्थी सूरज मंगलानी की रिपोर्ट पर सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 257/2026 दर्ज कर धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रावण-भाठा मुंगेली निवासी मनोज साहू, विक्की यादव और दो नाबालिगों के संबंध में जानकारी मिली। पूछताछ में आरोपियों ने मंडी के चौकीदार रमेश कुमार ध्रुव के सहयोग से चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी का अनाज नवागढ़ ले जाकर बेचने और रकम आपस में बांटकर खर्च करने की जानकारी दी।

आरोपियों की निशानदेही पर नवागढ़ स्थित दीवान गल्ला दुकान से 8 कट्टी तिवरा और 4 कट्टी मसूर बरामद किए गए, जिनकी कीमत करीब 23 हजार रुपये बताई गई। दुकान के मुंशी परस सोनकर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। मामले में चोरी के माल को खरीदने से संबंधित धाराएं 317(2) और 317(5) बीएनएस जोड़ी गईं।

पुलिस ने 13 अगस्त को विक्की यादव, मनोज उर्फ टानू साहू, रमेश कुमार ध्रुव, हीरो सिंह बघेल और परस सोनकर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था। वहीं, विधि से संघर्षरत दोनों नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया।

इसके बाद पुलिस चोरी के सामान की खरीददारी में संलिप्त मुख्य दुकानदार की तलाश कर रही थी। जांच के दौरान नवागढ़ निवासी गल्ला दुकान संचालक अनुपमधर दीवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने 1 अगस्त 2026 को अपने मुंशी परस सोनकर के माध्यम से चोरी का सामान खरीदना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, चोरी के सामान में 12 जूट बोरी, 8 बोरी तिवरा और 4 बोरी मसूर शामिल थे। इसके एवज में 23 हजार रुपये दिए गए थे।

अपराध में संलिप्तता से संबंधित साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने अनुपमधर दीवान को 24 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस आशीष अरोरा के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, सउनि ईश्वर राजपूत, प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेन्द्र नेताम, हर्षा वर्मा, प्रधान आरक्षक बालीराम ध्रुव तथा आरक्षक अजय चंद्राकर, विकास ठाकुर, योगेश यादव और महिला आरक्षक नंदनी साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने मामले में चोरी गए अनाज की शत-प्रतिशत बरामदगी की है। प्रकरण में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button