माँ दंतेश्वरी की धरा पर सचिन तेंदुलकर का आगमन, ‘मैदान कप अभियान’ से जनजातीय बच्चों को नई उड़ान

दंतेवाड़ा, (छत्तीसगढ़)।
माँ दंतेश्वरी की पावन धरा पर भारत रत्न एवं मास्टर ब्लास्टर Sachin Tendulkar का आगमन जिले के लिए ऐतिहासिक और प्रेरणादायक क्षण बन गया। उनके स्वागत में पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Sachin Tendulkar Foundation एवं Mann Deshi Foundation के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे ‘मैदान कप अभियान’ के माध्यम से खेल मैदानों के विकास की दिशा में सराहनीय पहल की जा रही है। यह अभियान विशेष रूप से जनजातीय अंचलों के बच्चों को खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने पर केंद्रित है।

अपने दौरे के दौरान सचिन तेंदुलकर ने सुदूर वनांचल क्षेत्र छिंदनार ग्राम में बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें क्रिकेट सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उनका सरल और प्रेरणादायक व्यक्तित्व बच्चों के लिए एक यादगार अनुभव बन गया।

यह दौरा केवल एक प्रतिष्ठित खिलाड़ी के आगमन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह बदलते बस्तर की सकारात्मक तस्वीर को भी दर्शाता है। एक ऐसा बस्तर, जो अब भय और पिछड़ेपन की छाया से निकलकर विकास, आत्मविश्वास और नई संभावनाओं की ओर तेजी से अग्रसर हो रहा है।





