मर्यादा, त्याग और तपस्या के आदर्श हैं भगवान श्रीराम का जीवन : संजय भूषण पाण्डेय

0.नवधा रामायण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया मातृशक्ति का सम्मान, सीताराम भजन की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को किया भावविभोर
सारंगढ़, 15 नवंबर 2026। ग्राम पंचायत करियाटार में आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक नवधा रामायण कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष एवं छत्तीसगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, त्याग, तपस्या और भारतीय संस्कृति के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को जीवन में उच्च आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मातृशक्ति की बड़ी भागीदारी की सराहना करते हुए महिलाओं का सम्मान भी किया।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए संजय भूषण पाण्डेय ने कहा कि यदि जीवन जीने की वास्तविक कला सीखनी है तो भगवान श्रीराम और माता जानकी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उनका जीवन हमें सिखाता है कि विषम परिस्थितियों में भी मर्यादा, धैर्य, त्याग और तपस्या के मार्ग पर चलते हुए अपने कर्तव्यों का निर्वहन किस प्रकार किया जाता है। भगवान श्रीराम केवल आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि आदर्श पुत्र, भाई, पति और शासक के रूप में संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं माता सीता का जीवन धैर्य, आत्मसम्मान, साहस और त्याग की अनुपम मिसाल है।
कार्यक्रम में महिलाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन में लगभग 70 प्रतिशत माताओं और बहनों की भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि मातृशक्ति सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभा रही है। आज बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं और प्रशासन, राजनीति, खेल, विज्ञान, व्यवसाय तथा समाजसेवा सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस समाज में महिलाओं को सम्मान और समान अवसर मिलते हैं, वह समाज निश्चित रूप से प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता है। नारीशक्ति परिवार ही नहीं, बल्कि समाज के संस्कार, संस्कृति और विकास की भी आधारशिला है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण उस समय देखने को मिला, जब संजय भूषण पाण्डेय ने मंच से स्वयं ‘सीताराम, सीताराम’ भजन की पंक्तियां प्रस्तुत कीं। स्थानीय गायकों एवं वाद्ययंत्र कलाकारों ने भी उनका साथ दिया। भजन की मधुर प्रस्तुति से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
उन्होंने कहा कि रामायण पाठ, भजन-कीर्तन और नवधा रामायण जैसे आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं हैं, बल्कि समाज में एकता, प्रेम और सद्भाव स्थापित करने के साथ नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने तथा भारतीय सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखने का सशक्त माध्यम हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति भगवंतीन कुंज राम पटेल, जिला पंचायत सभापति सुशीला मारुति साहू, भाजपा नेत्री इंदिरा जांगड़े, रामा पटनवार, रवि यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि, आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पाण्डेय ने आयोजन समिति, स्थानीय कलाकारों, मातृशक्ति एवं सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।




