Chhattisgarh

भविष्य के शहरों की जिम्मेदारी युवा टाउन प्लानर्स के कंधों पर, राज्य गठन के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति

रायपुर, 9 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शहरों का विकास केवल वर्तमान जरूरतों को ध्यान में रखकर नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की आवश्यकताओं के अनुरूप किया जाना चाहिए। सुनियोजित शहरीकरण ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव तैयार करेगा। मुख्यमंत्री बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में नगर तथा ग्राम निवेश विभाग के 21 नवचयनित सहायक संचालकों (योजना) को नियुक्ति पत्र प्रदान करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार नगर तथा ग्राम निवेश विभाग में एक साथ 21 सहायक संचालकों की नियुक्ति हुई है। इससे विभाग की कार्यक्षमता बढ़ेगी और प्रदेश में तेजी से हो रहे शहरीकरण को सुनियोजित दिशा देने में मदद मिलेगी। उन्होंने नवचयनित अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई देते हुए कहा कि आज से इन युवाओं के जीवन में नई जिम्मेदारी की शुरुआत हुई है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में शहरीकरण तेजी से बढ़ रहा है। गांवों से शहरों की ओर आबादी का विस्तार, नगरों की बढ़ती सीमाएं तथा प्रमुख सड़कों के आसपास विकसित हो रही नई बसाहटों को देखते हुए दीर्घकालीन और वैज्ञानिक योजना जरूरी है। आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्र, सड़क, परिवहन, सार्वजनिक स्थल और जल निकासी जैसी सुविधाओं का नियोजन भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

साय ने कहा कि टाउन प्लानिंग केवल नक्शे बनाने और भू-उपयोग तय करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता और शहरों के भविष्य से है। उन्होंने अधिकारियों से ईमानदारी, निष्ठा, संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ काम करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। पिछले ढाई वर्षों में विभिन्न विभागों में 15 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं। पुलिस विभाग में 7 हजार से अधिक, शिक्षा विभाग में 3 हजार से अधिक तथा बिजली विभाग में 1200 से अधिक नियुक्तियां की गई हैं।

वित्त एवं आवास-पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सुनियोजित शहरीकरण की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि इस बार 21 अधिकारियों की नियुक्ति से नगर तथा ग्राम निवेश विभाग की प्रोफेशनल क्षमता बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों से भर्ती प्रक्रिया में मिली पारदर्शिता को अपनी कार्यशैली में भी बनाए रखने की अपील की।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि नई पीढ़ी के अधिकारियों का ज्ञान, ऊर्जा और आधुनिक दृष्टिकोण प्रदेश के विकास को नई गति देगा। कार्यक्रम में विभागीय सचिव अंकित आनंद, आयुक्त अवनीश शरण सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, नवचयनित सहायक संचालक और उनके परिजन उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button