Chhattisgarh

बिलासपुर संभाग में निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने पर जोर

रायपुर, 20 अगस्त 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बिलासपुर परिक्षेत्र के विभागीय एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को काम में तेजी लाने और सभी प्रक्रियाएं समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।

नवा रायपुर स्थित निर्माण भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में बंसल ने अधिकारियों को प्रो-एक्टिव होकर काम करने तथा प्राक्कलन से लेकर निविदा प्रक्रिया तक सभी कार्य तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और पुलों के नए प्रस्ताव तैयार करते समय भविष्य की जरूरतों और बढ़ते यातायात को ध्यान में रखने को कहा।

उन्होंने सभी कार्यपालन अभियंताओं को अपने-अपने जिलों के कलेक्टरों के साथ बेहतर समन्वय रखने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं का जल्द निराकरण हो सके। मैदानी अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड में रहकर निर्माण कार्यों की कड़ी मॉनिटरिंग और निरीक्षण करने को कहा गया।

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने ठेकेदारों के कार्यों पर लगातार नजर रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों और भवनों के निर्माण के प्रत्येक चरण में गुणवत्ता की जांच करने पर जोर दिया, ताकि मजबूत और टिकाऊ निर्माण हो सके।

बंसल ने कहा कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें अक्टूबर तक शुरू किया जाए। कार्य शुरू होने के बाद उसकी गति और गुणवत्ता दोनों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने सड़कों और पुलों के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। बरसात में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों और पुलों की तत्काल मरम्मत कर लोगों की आवाजाही सुचारु रखने के निर्देश दिए।

बैठक में निर्माण कार्यों के लिए अधिग्रहित भूमि के नामांतरण की भी समीक्षा की गई। कार्यपालन अभियंताओं और अनुविभागीय अधिकारियों को एसडीएम से समन्वय कर भू-अर्जन के नए और पुराने मामलों में नामांतरण की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूरी कराने के निर्देश दिए गए। पूर्ण हो चुके कार्यों को संबंधित विभागों को तत्काल हैंडओवर करने को भी कहा गया।

उन्होंने विश्रामगृहों और सर्किट हाउसों के संचालन एवं रखरखाव की जानकारी लेते हुए विभागीय भवनों में बेहतर साफ-सफाई और रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव, उप सचिव अंशिका पाण्डेय, छत्तीसगढ़ सड़क एवं अधोसंरचना विकास निगम के अतिरिक्त प्रबंध संचालक शशांक पाण्डेय, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता आर.के. रात्रे एवं जी.एस. मंडावी, अधीक्षण अभियंता के.पी. संत सहित बिलासपुर परिक्षेत्र के सभी 9 संभागों के कार्यपालन अभियंता एवं अनुविभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button