बिलासपुर-पेण्ड्रा मुख्य मार्ग पर फिर लगा जाम, केंदा घाट में सड़क पर गिरा भारी कंटेनर; दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 15 नवंबर। छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को जोड़ने वाले बिलासपुर-पेण्ड्रा मुख्य मार्ग पर एक बार फिर आवागमन ठप हो गया है। केंदा घाट में एक भारी-भरकम कंटेनर अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। घटना के बाद सड़क के दोनों ओर मालवाहक और भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई है। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय वाहन चालकों के मुताबिक, केंदा घाट की सड़क पहले से ही जर्जर हालत में है। जगह-जगह गड्ढे और खतरनाक घुमावदार ढलान के कारण इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन जोखिम भरा बना हुआ है। ऐसे में भारी वाहनों के अनियंत्रित होने और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है।
तीन साल से चल रहा नेशनल हाईवे निर्माण, अब तक अधूरा
इस मार्ग पर बार-बार जाम और दुर्घटनाओं की समस्या के पीछे बिलासपुर-जबलपुर नेशनल हाईवे के धीमी गति से चल रहे निर्माण कार्य को भी प्रमुख वजह माना जा रहा है। पिछले तीन वर्षों से इस मार्ग पर निर्माण कार्य जारी है, लेकिन काम निर्धारित समय से काफी पीछे चल रहा है। निर्माण एजेंसी की सुस्त कार्यशैली के चलते केंदा घाट में आए दिन वाहन खराब होने और दुर्घटनाओं के कारण यातायात बाधित होने की स्थिति बनती रहती है।
क्रेन भेजकर कंटेनर हटाने की मांग
जाम में फंसे वाहन चालकों और यात्रियों ने प्रशासन से तत्काल क्रेन की व्यवस्था कर सड़क पर गिरे कंटेनर को हटाने की मांग की है, ताकि आवागमन बहाल हो सके। इसके साथ ही लोगों ने नेशनल हाईवे निर्माण कार्य में तेजी लाने और केंदा घाट की जर्जर सड़क को जल्द दुरुस्त कराने की मांग उठाई है।
बार-बार लगने वाले जाम ने बिलासपुर-पेण्ड्रा मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस समस्या के समाधान के लिए कितनी जल्दी कदम उठाता है।




