Chhattisgarh

बस्तर में जुआरियों पर पुलिस का शिकंजा, सरगीपाल में जुआ खेलते 8 आरोपी गिरफ्तार; ₹1.84 लाख की संपत्ति जब्त…

जगदलपुर,10 सितंबर। बस्तर जिले में आपराधिक गतिविधियों और जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बोधघाट क्षेत्र के ग्राम सरगीपाल स्थित नीलगिरि प्लाट के पास पुलिस ने दबिश देकर जुआ खेल रहे 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ताश के 52 पत्ते, 2,760 रुपये नकद, 7 पुराने इस्तेमाल किए गए टच स्क्रीन मोबाइल और 2 पुरानी मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1,84,760 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को थाना बोधघाट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सरगीपाल के नीलगिरि प्लाट के पास कुछ लोग ताश के 52 पत्तों पर रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार और उप पुलिस अधीक्षक चन्द्रहास सिन्हा के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की योजना बनाई गई।

थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में थाना बोधघाट पुलिस और ब्लैक पैंथर टीम गठित कर मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर तत्काल दबिश दी गई। पुलिस की रेड कार्रवाई के दौरान मौके पर 8 लोग जुआ खेलते हुए पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों की पहचान पदलाम बघेल, सुकराम नाग, सामसेन बघेल, लछीन नाग, सुंदर बघेल, सहदेव बघेल, लोकनाथ कश्यप और परमेश्वर जोशी के रूप में हुई।

पुलिस ने मौके से ताश के 52 पत्ते और 2,760 रुपये नकद बरामद किए। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 7 पुराने टच स्क्रीन मोबाइल और 2 पुरानी इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिलें भी जब्त की गईं। पुलिस के मुताबिक जब्त सभी सामान की कुल कीमत करीब 1,84,760 रुपये है।

पुलिस जांच में आरोपियों का कृत्य छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 3(2) के तहत अपराध पाए जाने पर सभी 8 आरोपियों को 9 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में पदलाम बघेल (33), सुकराम नाग (40), सामसेन बघेल (31), लछीन नाग (43), सुंदर बघेल (39), सहदेव बघेल (61) और लोकनाथ कश्यप (60), सभी निवासी ग्राम सरगीपाल, तथा परमेश्वर जोशी (33), निवासी ग्राम बिलोरी शामिल हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग व सुनील मनहर, आरक्षक बामन सेन, दीपक मिंज सहित ब्लैक पैंथर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा सहित अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button