बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लालबाग मैदान में देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार

जगदलपुर, 23 सितम्बर 2026। बस्तर जिले में आपराधिक तत्वों और गुंडा-बदमाशों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर देशी कट्टा और जिंदा कारतूस लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 23 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि जगदलपुर के लालबाग मैदान, सन सिटी मोड़ के पास एक व्यक्ति हाथ में देशी कट्टा लेकर उसे लहरा रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को भयभीत कर रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अजय राजपूत (29), निवासी महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 47, नया नाका, जगदलपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार और कारतूस को विधिवत जब्त कर आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बस्तर पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर आम नागरिकों में भय उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर लगातार निगरानी रखते हुए ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे और साइबर प्रभारी चंद्रहास सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर सहित उप निरीक्षक अरुण मरकाम, अमित सिदार, प्रमोद ठाकुर, प्रधान आरक्षक कमलेश प्रजापति, राहुल कुमार यादव, शकुंतला, धर्मेंद्र कंवर तथा आरक्षक कृष्णा नेताम, मंहगू कश्यप, अमर बेसरा, महेंद्र पटेल, तरुण यादव, वरुण ठाकुर, तामेश्वर चंद्राकर, हरीश, बंसीलाल और रंगलाल खरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




