बढ़ती पेट्रोल महंगाई के बीच साइकिल और पैदल चलना सेहत के लिए फायदेमंद : योगाचार्य दुर्गेश राठौर

कोरबा, 19 मई । पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर डालना शुरू कर दिया है। ऐसे समय में साइकिल चलाना और छोटी दूरी पैदल तय करना न केवल आर्थिक रूप से राहत देने वाला विकल्प बन रहा है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी साबित हो रहा है। यह बात योगाचार्य दुर्गेश राठौर ने कही।
उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में लोग शारीरिक गतिविधियों से लगातार दूर होते जा रहे हैं, जिसके कारण मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय रोग जैसी बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं। यदि लोग अपनी दिनचर्या में नियमित रूप से साइकिल चलाना और पैदल चलना शामिल करें, तो कई गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
योगाचार्य दुर्गेश राठौर ने बताया कि रोजाना साइकिल चलाने से शरीर सक्रिय रहता है, हृदय मजबूत होता है और मानसिक तनाव कम करने में भी मदद मिलती है। वहीं पैदल चलने से शरीर की कैलोरी बर्न होती है और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि विभिन्न अध्ययनों में भी यह साबित हो चुका है कि नियमित साइकिलिंग और वॉकिंग स्वास्थ्य सुधारने के साथ-साथ प्रदूषण और ईंधन खर्च कम करने में सहायक है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि छोटी दूरी तय करने के लिए मोटरसाइकिल या कार का उपयोग कम कर साइकिल और पैदल चलने की आदत अपनानी चाहिए। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक बचत भी होगी। हाल के दिनों में बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण देश के कई हिस्सों में लोग दोबारा साइकिल उपयोग की ओर आकर्षित हो रहे हैं।




