Chhattisgarh

प्राकृतिक खेती के साथ गांवों में आर्थिक विकास के प्रयासों से रूबरू हुए एमएसडब्ल्यू स्टूडेंट्स

कोरबा। देश विकास का रास्ता गांवों से ही शुरू होता है। ऐसे में गांव को आत्मनिर्भर करना सबसे पहला कदम होना चाहिए। यही सीख प्राप्त करने कमला नेहरू महाविद्यालय में मास्टर ऑफ सोशल वर्क की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों ने करतला विकासखंड के विभिन्न गांवों का शैक्षणिक भ्रमण किया। एमएसडब्ल्यू चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं ने नाबार्ड समर्थित ऐसे विभिन्न ग्रामों का भ्रमण किया, जहां प्राकृतिक खेती को अपनाकर किसान उन्नति कर रहे हैं, महिला आत्मनिर्भरता को चरितार्थ कर रहे हैं। नाबार्ड का सहयोग कर रही समाजसेवी संस्था ग्राम बरतोरी विकास शिक्षण समिति (जीबीवीएसएस) के कार्यों, बुनियादी दायित्वों और वर्षों के प्रयास के बाद दिख रहे सकारात्मक बदलाव को ग्राउंड जीरो पर जाकर प्रायोगिक तौर पर जानने-समझने का प्रयास किया।

भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को जीबीवीएसएस के डायरेक्टर सूर्यकांत सौलखे के दशकों के अनुभव से सीखने का अवसर मिला और गांव के किसानों और महिला शक्तियों की जागरुकता एवं आर्थिक आत्मनिर्भता से जोड़ने के साथ प्रकृति संरक्षरण, जल संरक्षण एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करते उनकी टीम के मैदानी प्रयासों को करीब से जानने का मौका मिला। छात्र-छात्राओं ने संस्था के स्वयंसेवकों के साथ ग्राम नवापारा, रामपुर समेत विभिन्न गांवों का भ्रमण किया। जैविक खेती अपनाने के साथ ब्लैक राइस, काजू, आम व अन्य उत्पादन प्राप्त कर रहे किसानों से चर्चा की। खेत-बाड़ी में जाकर पोषण वाड़ी के साथ उनके खेत व फलोद्यान देखे। उसके साथ ही काजू आदि की प्रोसेसिंग यूनिट की कार्यप्रणाली और बाजार में कारोबार के प्रबंधन की प्रक्रिया को भी जाना। खेत-बाड़ी में बीज रोपण से लेकर उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की विधियों से रूबरू हुए और उनकी देखरेख करने वाले जीबीवीएसएस के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियों को समझने का भी प्रयास किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रशांत बोपापुरकर ने बताया कि समाज कार्य में प्रोफेशनल करियर स्थापित करने के लिए सामाजिक गतिविधियों की विधि और प्रबंधन को समझना आवश्यक है। यही लक्ष्य लेकर मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से जिले में चल रहे सामाजिक सेवा के कार्यों से रूबरू कराया जा रहा है। इसी कड़ी में एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राओं ने करतला क्षेत्र का भ्रमण किया। यह शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम एमएसडब्ल्यू विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ विमला सिंह, श्रीमती कविता पटेल एवं विकास पांडेय के मार्गदर्शन में किया गया। भ्रमण के दौरान एमएसडब्ल्यू चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों में श्रुति यादव, अल्फिया फातिमा, शुशांक यादव, रमेश कुमार, कमल किशोर एवं लम्बोदर कौशिक शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button