Chhattisgarh

नीट यूजी पेपर लीक मामले में उठी निष्पक्ष जांच की मांग

22 से 23 लाख अभ्यर्थियों के भविष्य से खिलवाड़ : रजनीश तिवारी

कोरबा,15 मई 2026। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री एवं रायगढ़ जिला प्रभारी रजनीश तिवारी ने नीट यूजी 2026 परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इस संबंध में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) तथा कोरबा सांसद Jyotsna Mahant को पत्र लिखकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

जारी पत्र में रजनीश तिवारी ने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट यूजी परीक्षा में देशभर के लगभग 22 से 23 लाख अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया था, लेकिन परीक्षा पेपर लीक की खबरों ने छात्रों और अभिभावकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि एनटीए की परीक्षा प्रणाली और उसके क्रियान्वयन पर लोगों का भरोसा लगातार कमजोर होता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लाखों छात्र पूरे वर्ष कठिन मेहनत और आर्थिक परेशानियों के बीच इस परीक्षा की तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा में अनियमितता और पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों के लिए मानसिक और आर्थिक रूप से बड़ा आघात हैं। केवल परीक्षा रद्द कर देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि पेपर लीक करने वाले नेटवर्क, एनटीए की जवाबदेही तथा पूरे मामले की स्वतंत्र जांच आवश्यक है।

रजनीश तिवारी ने मांग की कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए मेडिकल प्रवेश परीक्षा किसी विश्वसनीय सरकारी संस्थान के माध्यम से आयोजित कराई जाए। उन्होंने कहा कि बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं से विद्यार्थियों का पूरे सिस्टम पर से विश्वास उठता जा रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार से मामले में कठोर कदम उठाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button