Chhattisgarh

एनसीसी कैडेट्स को पढ़ाया सड़क सुरक्षा का पाठ, ट्रैफिक पुलिस ने किया जागरूक

कोरबा। वीआईपी रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में आयोजित 1 छत्तीसगढ़ बटालियन एनसीसी के 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में गुरुवार को यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कोरबा ट्रैफिक पुलिस की टीम ने एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और अनुशासित ड्राइविंग के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान कैडेट्स को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में एएसआई मनोज राठौर एवं उनकी टीम ने उपस्थित कैडेट्स को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर छोटी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल पुलिस कार्रवाई या जुर्माने से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा ट्रैफिक सिग्नल और लेन नियमों का पालन करने की विस्तार से जानकारी दी।

पुलिस टीम ने कैडेट्स को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के बारे में भी बताया। मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, तेज रफ्तार, शराब पीकर ड्राइविंग करना तथा गलत दिशा में वाहन चलाना गंभीर दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बताई गई। कैडेट्स को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया कि थोड़ी सी सावधानी किस प्रकार कई जिंदगियां बचा सकती है।

इस अवसर पर ट्रैफिक पुलिस टीम ने एनसीसी कैडेट्स से अपील की कि वे समाज में ट्रैफिक एंबेसडर की भूमिका निभाते हुए अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button