नगर सैनिक निकला गांजा तस्करी नेटवर्क का हिस्सा, धमतरी पुलिस ने किया गिरफ्तार, NDPS मामले में बड़ा खुलासा

धमतरी, 10 जून 2026। धमतरी पुलिस ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। अप्रैल माह में दर्ज गांजा तस्करी के एक मामले की जांच के दौरान पुलिस ने एक नगर सैनिक की संलिप्तता उजागर करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार थाना मगरलोड में 14 अप्रैल 2026 को अपराध क्रमांक 63/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) एवं 29 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में पहले ही 1.660 किलोग्राम अवैध गांजा, नगद राशि और मोबाइल फोन सहित कुल 89 हजार 930 रुपये की संपत्ति जब्त कर पति-पत्नी को गिरफ्तार किया जा चुका है।
प्रकरण की गहन जांच, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और मुखबिर से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस को मामले में एक और आरोपी की संलिप्तता के प्रमाण मिले। जांच में सामने आया कि नगर सैनिक के रूप में कार्यरत महेश सिन्हा अवैध गांजा कारोबार से जुड़ा हुआ था और उसकी इस नेटवर्क में सक्रिय भूमिका रही है।
पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी और पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए, जिसके आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेश सिन्हा (40 वर्ष), पिता स्वर्गीय रिकीराम सिन्हा, निवासी ग्राम पाहन्दा, थाना मगरलोड, जिला धमतरी के रूप में हुई है।
उल्लेखनीय है कि इसी मामले में पूर्व में ग्राम मोहेरा निवासी लाभाराम कुर्रे और उसकी पत्नी सुशीला बाई कुर्रे को गिरफ्तार किया गया था। दोनों के कब्जे से 1.660 किलोग्राम गांजा, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था।
धमतरी पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। मादक पदार्थों के नेटवर्क से जुड़े प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों और नेटवर्क की कड़ियों की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार पिछले छह सप्ताह के दौरान जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध सात से अधिक प्रभावी कार्रवाई की जा चुकी है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से नशा तस्करों और अवैध कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है तथा जिले में नशे के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है।





