Chhattisgarh

आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने पर दो स्पा सेंटर सील, लाइसेंस की शर्तों का भी किया था उल्लंघन

रायपुर। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के नॉर्थ जोन में स्पा सेंटरों की जांच के बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए पंडरी थाना क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों को सील करा दिया है। जांच के दौरान दोनों सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के साथ ही लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जाना पाया गया।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा 29 अगस्त को शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों में एक साथ व्यापक जांच अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान पुलिस की 15 टीमों ने राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में स्पा सेंटरों की जांच की थी। इस दौरान सेंटरों के दस्तावेज, कर्मचारियों की जानकारी, ग्राहक एवं स्टाफ रजिस्टर, सीसीटीवी रिकॉर्डिंग की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक बिंदुओं की जांच की गई।

इसी जांच के क्रम में नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी थाना क्षेत्र के उषा प्राइड, मोवा स्थित रिफ्लेक्शन स्पा और अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं पाए जाने और लाइसेंस की निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किए जाने पर नगर निगम की टीम ने पंडरी पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर दोनों स्पा सेंटरों को विधिवत सील कर दिया।

यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप और अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के निर्देशन में तथा एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों का पालन करते हुए संचालन करने की हिदायत दी है। संचालकों को गुमास्ता एवं ट्रेड लाइसेंस की शर्तों का पालन करने, सेंटर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाकर रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर संधारित करने, उनका पहचान पत्र लेने तथा कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान नियमों के विपरीत कोई संदिग्ध गतिविधि अथवा आपत्तिजनक वस्तु पाए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शहर में संचालित विभिन्न संस्थानों द्वारा नियमों और लाइसेंस की शर्तों के पालन को लेकर पुलिस की निगरानी एवं जांच आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button