Chhattisgarh

‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ में फंसे 24 लोग, होमगार्ड, पुलिस ने किया सफल रेस्क्यू…

बलौदाबाजार। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते महानदी का जलस्तर बढ़ने से बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट (The Tree of Life Resort)’ में मौजूद 24 लोग फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही सक्रिय हुई नगर सेना (होमगार्ड), पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम ने फंसे हुए पर्यटक, रिसॉर्ट के कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला.

लगातार बारिश के कारण महानदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ पूरी तरह पानी से घिर गया, जिसकी वजह से वहां मौजूद लोग बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। नगर सेना के जवान नावों और अन्य आवश्यक संसाधनों की मदद से महिलाओं और बच्चों के साथ तमाम फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया।

प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और पर्यटकों से सतर्क रहने तथा जलभराव और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। बलौदाबाजार पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि बल्दाकछार स्थित ‘द ट्री ऑफ लाइफ रिसॉर्ट’ में कुछ पर्यटक बाढ़ के कारण फंस गए हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर सेना (होमगार्ड) और पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर रवाना किया। रेस्क्यू करते हुए सभी पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। पुलिस की टीम पूरी तरह अलर्ट है, और स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Back to top button