Chhattisgarh

दल प्रवेश उत्सव में स्काउट आंदोलन से जुड़े नन्हे विद्यार्थी, पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कोरबा, 13 जुलाई। नवीन शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत जिले के विद्यालयों में प्रवेश उत्सव के साथ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियों को भी नई ऊर्जा मिल रही है। इसी क्रम में कोरबा विकासखंड के ग्राम पंचायत कंचादी स्थित शासकीय प्राथमिक शाला में दल प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें नवप्रवेशी विद्यार्थियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए उन्हें कब-बुलबुल इकाई से जोड़ा गया।

कार्यक्रम के दौरान बालवाड़ी में प्रवेश लेने वाली गायत्री यादव तथा कक्षा पहली की छात्राएं निकिता मंझवार और पूनम मंझवार को वरिष्ठ बुलबुल रेणुका और अंजली ने तिलक लगाकर एवं स्कार्फ पहनाकर स्काउट आंदोलन की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रभक्ति के मूल्यों से परिचित कराया गया।

दल प्रवेश उत्सव के बाद कब-बुलबुल इकाई के बच्चों ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बच्चों को प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता तथा सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा भी दी गई।

कार्यक्रम में शाला प्रबंधन समिति की अध्यक्ष विमला बाई मंझवार, मध्याह्न भोजन समिति की अध्यक्ष नीलाबाई यादव, कोषाध्यक्ष विनीता बाई यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गायत्री यादव, सहायिका अंजू मंझवार, प्रधानपाठक एवं फ्लॉक लीडर नमिता श्यामकुंवर कड़वे, सहायक शिक्षिका ज्योति शर्मा सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

प्रधानपाठक एवं फ्लॉक लीडर नमिता श्यामकुंवर कड़वे ने बताया कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदार नागरिक बनने के संस्कार विकसित करना है। उन्होंने कहा कि शासकीय प्राथमिक शाला कंचादी की कब-बुलबुल इकाई लंबे समय से सक्रिय है और यहां के विद्यार्थी जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर के विभिन्न स्काउट-गाइड शिविरों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।

Related Articles

Back to top button