दर्दनाक हादसा: बावड़ी में नहाने गए 2 बच्चे डूबे, एक की मौत, दूसरे की हालत गंभीर

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के दर्रापारा में बावड़ी में नहाने गए 3 बच्चों में से 2 बच्चे पानी में डूब गए, जिसमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर है। हादसे के बाद गांव में मातम पसर गया है।जानकारी के अनुसार, दर्रापारा के तीन बच्चे बुधवार को गांव के पास स्थित एक बावड़ी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान दो बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनके साथ मौजूद तीसरे बच्चे ने दोनों को पानी में डूबता देख शोर मचाया और ग्रामीणों को बुलाया।
बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना देर किए बावड़ी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने 7 वर्षीय साहिल को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे बच्चे का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार किया जा रहा है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही पत्थलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




