डोंगाकोहरौद आंदोलन: अस्वस्थ ग्रामीणों से जिला अस्पताल में मिले कलेक्टर-एसपी, बेहतर उपचार के दिए निर्देश

जांजगीर-चांपा, 3 जुलाई। डोंगाकोहरौद क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान अस्वस्थ हुए दो स्थानीय ग्रामीणों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। शुक्रवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय जिला अस्पताल पहुंचे तथा दोनों ग्रामीणों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।
कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली तथा दोनों मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। चिकित्सकों के अनुसार दोनों ग्रामीणों की स्थिति सामान्य एवं स्थिर है और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
इस दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि डोंगाकोहरौद मार्ग की मरम्मत का कार्य वर्तमान में कराया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में आवागमन सुचारु बना रहे। उन्होंने बताया कि सड़क के स्थायी निर्माण के लिए शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है। स्वीकृति मिलते ही निविदा (टेंडर) प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर और संवेदनशील है तथा जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सहयोग बनाए रखने की भी अपील की है।




