Chhattisgarh

डबल इंजन की सरकार में गरीबों की जिंदगी बेपटरी, उद्योगपतियों के इशारों पर चल रही छत्तीसगढ़ की सायं सरकार : डॉ.चंद्रशेखर खूंटे

केंद्र और प्रदेश दोनों जगह भाजपा की सरकार होने के बावजूद गरीब,मजदूर और किसान अपने हक के लिए तरस रहे हैं,आखिर इस डबल इंजन सरकार का फायदा किसे मिल रहा है ?

छत्तीसगढ़। कांग्रेस कार्यकर्ता डॉ. चंद्रशेखर खूंटे ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में डबल इंजन की सरकार का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा आखिर जनता को यह बताए कि इस सरकार ने गरीबों, मजदूरों और किसानों के जीवन में ऐसा कौन-सा बदलाव लाया है, जिसका लाभ आम जनता को मिल रहा है? सत्ता के गलियारों में विकास के दावे खूब किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि गरीब आदमी आज भी अपनी बुनियादी जरूरतों और रोजगार के लिए संघर्ष कर रहा है।

डॉ. खूंटे ने कहा कि यह सरकार छत्तीसगढ़ की जनता के जनादेश से बनी है या उद्योगपतियों के प्रभाव से जो फैसले ले रही है? प्रदेश की जनता के बीच यह सवाल लगातार उठ रहे हैं उन्होंने आरोप लगाया कि साय सरकार पर गुजरात लॉबी और बड़े औद्योगिक घरानों का प्रभाव दिखाई देता है। जनता के मन में यह धारणा मजबूत हो रही है कि सरकार के फैसलों में आम छत्तीसगढ़िया की आवाज से ज्यादा उद्योगपतियों के हितों को तवज्जो दी जा रही है। अडानी के प्रभाव को लेकर भी सरकार को जनता के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।आखिर प्रदेश के संसाधनों और नीतियों पर प्राथमिकता किसकी है—छत्तीसगढ़ की जनता की या बड़े कॉरपोरेट घरानों की?

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की परेशानियां कम होने के बजाय बढ़ती दिखाई दे रही हैं। मजदूर रोजगार के लिए भटक रहा है, किसान अपनी समस्याओं को लेकर परेशान है और गरीब परिवार महंगाई के बोझ तले दबा हुआ है। सरकार के पास विज्ञापनों और उपलब्धियों का प्रचार करने के लिए संसाधनों की कमी नहीं है, लेकिन आम आदमी की समस्याओं का ठोस समाधान कहां है?

डॉ.खूंटे ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन सरकार में छत्तीसगढ़िया अस्मिता, किसान, मजदूर, गरीब और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई जाती थीं। गरीब परिवारों के उत्थान और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की बात होती थी। लेकिन वर्तमान सरकार ने उन प्राथमिकताओं को पीछे धकेल दिया है। आज जनता को घोषणाएं नहीं, धरातल पर काम चाहिए।

उन्होंने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि जिस सरकार को जनता ने अपने भविष्य की उम्मीद से चुना था, वही सरकार आज जनता के सवालों से बचती नजर आ रही है। डबल इंजन का दावा करने वालों को पहले यह बताना चाहिए कि इस इंजन से गरीब की जिंदगी में रोशनी कब आएगी?

डॉ.चंद्रशेखर खूंटे ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता किसी उद्योगपति की जागीर नहीं है। यह प्रदेश किसानों,मजदूरों, आदिवासियों,युवाओं और मेहनतकश छत्तीसगढ़ियों का है। सरकार को कॉरपोरेट हितों से ऊपर उठकर जनता के हित में काम करना चाहिए। सत्ता स्थायी नहीं होती, लेकिन जनता के सवाल और उसके दिए जनादेश का हिसाब हमेशा मांगा जाएगा।

अब सवाल सीधा है—छत्तीसगढ़ में सरकार जनता चला रही है या जनता के नाम पर सत्ता चलाने वाले कुछ प्रभावशाली लोग?

Related Articles

Back to top button