जांजगीर में एक ही परिवार के 4 लोगों की निर्मम हत्या, खाट पर खून से लथपथ मिलीं लाशें

जांजगीर-चांपा, 14 मई । जिले में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के चार लोगों की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भवंतरा में एक नए मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। परिवार के सदस्य निर्माणाधीन मकान के भीतर खाट पर सोए हुए थे। बुधवार देर रात अज्ञात आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर चारों की हत्या कर दी। गुरुवार सुबह जब निर्माण कार्य के लिए मिस्त्री मौके पर पहुंचा, तब उसने परिवार के लोगों को खाट पर बेसुध हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर चारों की लाशें खून से लथपथ मिलीं।
मृतकों की पहचान मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। सरपंच राजाराम कश्यप ने तत्काल पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद शिवरीनारायण थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने में लगी हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सभी की हत्या सोते समय धारदार हथियार से की गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
एएसपी उमेश कश्यप ने बताया कि मामले में एक पड़ोसी संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस पुरानी रंजिश, पारिवारिक विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
ग्राम भवंतरा में हुई इस सामूहिक हत्या की घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस गांव में लगातार निगरानी बनाए हुए है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।




