Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में विकास को लेकर सियासत तेज: भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने गिनाई उपलब्धियां, विधायक व्यास कश्यप के सत्याग्रह पर उठाए सवाल

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में विकास कार्यों को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप के सत्याग्रह (अनशन) पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के पांच वर्षों के शासनकाल में जिले में विकास के नाम पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ, जबकि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के मात्र दो वर्षों में ही जांजगीर-चांपा जिले में व्यापक विकास कार्य हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र की जनता को सड़क, सिंचाई, स्वास्थ्य और अधोसंरचना में हो रहे कार्य स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जांजगीर-चांपा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिलने का दावा किया गया है। वर्ष 2025-26 में 8 प्रमुख सड़क निर्माण और मजबूतीकरण कार्यों के लिए लगभग 163.71 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं 2024-25 में करीब 19.96 करोड़ रुपये की लागत से 5 सड़क परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इसके अलावा 2026-27 के लिए भी नई सड़क परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूती मिलेगी।

जिला खनिज न्यास और अन्य योजनाओं के तहत आंगनबाड़ी भवन, स्कूल भवन, सीसी रोड, नाली और अन्य अधोसंरचना कार्यों पर लगभग 18.78 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है।

सिंचाई और जल संरचना के क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। चांपा एनीकट के अपस्ट्रीम और डाउनस्ट्रीम में प्रोटेक्शन, वेयरिंग कोट और सौंदर्यीकरण कार्य के लिए 3.13 करोड़ रुपये, कोकड़ी नाला में स्टापडेम-कम-काजवे निर्माण के लिए 2.23 करोड़ रुपये, नवागढ़ विकासखंड में मुड़पार शाखा नहर में टो-वॉल निर्माण के लिए 2.78 करोड़ रुपये और जांजगीर शाखा नहर के अंतर्गत विभिन्न मरम्मत कार्यों के लिए 1.36 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन परियोजनाओं से सिंचाई क्षमता बढ़ने और किसानों को सीधा लाभ मिलने की बात कही गई है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में भी बड़ा कदम उठाते हुए जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए 357 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इससे क्षेत्र में उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी और लोगों को बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

भाजपा जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सड़क, सिंचाई और स्वास्थ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। ऐसे समय में विपक्ष के विधायक द्वारा धरना-प्रदर्शन करना जनता को भ्रमित करने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन विकास कार्यों से ध्यान भटकाने की कोशिश है, जबकि जमीनी स्तर पर करोड़ों के कार्य स्वीकृत और प्रगति पर हैं।

इस पूरे घटनाक्रम के बीच जांजगीर-चांपा में विकास और राजनीति का मुद्दा एक बार फिर चर्चा का केंद्र बन गया है, जहां एक ओर सरकार अपने कार्यों को उपलब्धि के रूप में पेश कर रही है, वहीं विपक्ष सवाल उठाकर जनता के बीच अपनी बात रखने में जुटा हुआ है।

Related Articles

Back to top button