जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: APK फाइल भेजकर 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाला आरोपी केरल से गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर। शादी का निमंत्रण कार्ड भेजने के बहाने मोबाइल हैक कर एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी करने वाले आरोपी को जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने केरल से गिरफ्तार किया है। आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी, जिसे उसने निकालकर घरेलू खर्च में उपयोग कर लिया था। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खाते को सीज करा दिया है।
SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में साइबर अपराधों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने यह सफलता हासिल की है। मामले के अनुसार, 6 जून 2026 को नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से शादी के निमंत्रण कार्ड के नाम पर एक APK फाइल भेजी गई थी। प्रार्थी ने जैसे ही फाइल डाउनलोड की, उसका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद मोबाइल से लिंक एसबीआई बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने 98 हजार रुपये निकाल लिए।
पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना जांजगीर में अपराध क्रमांक 15/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
NCRP पोर्टल से मिला आरोपी का सुराग
विवेचना के दौरान पुलिस को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) से संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस ने जांच करते हुए आरोपी अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल की पहचान की। इसके बाद पुलिस टीम ने केरल स्थित आरोपी के घर पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में ठगी की रकम निकालने की बात स्वीकार की
पूछताछ में आरोपी ने पीड़ित से ठगी की गई 98 हजार रुपये की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। जांच में आरोपी के खाते में अन्य 21 हजार रुपये की संदिग्ध रकम भी मिली है, जिसके संबंध में गुजरात से NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त करने के साथ ही बैंक खाते को सीज कराया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाया गया, जहां से उसे विधिवत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
APK फाइल डाउनलोड करने से बचें: पुलिस की अपील
जांजगीर-चांपा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि व्हाट्सएप पर किसी भी अनजान नंबर से आने वाले लिंक या APK फाइल को डाउनलोड न करें। साइबर ठग शादी का निमंत्रण कार्ड, मोटर वाहन चालान और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के नाम पर ऐसी फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर सकते हैं। यहां तक कि किसी परिचित के नंबर से ऐसी फाइल आने पर भी उसकी पुष्टि किए बिना डाउनलोड न करें।
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रधान उप निरीक्षक रुखसाना बानो, प्रधान आरक्षक राजकुमार चंद्र तथा आरक्षक प्रतीक सिंह और राजा जयप्रकाश रात्रे का सराहनीय योगदान रहा।




