जर्जर सड़क में कैप्सूल वाहन की चपेट में आने से गई युवक की जान…

सक्ती,12 सितंबर । जिले के डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम घोघरी से सड़क हादसे की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है… जहां जर्जर सड़क पर एक युवक की जान चली गई। शुक्रवार की रात करीब 7 बजे सड़क किनारे पैदल जा रहे 30 वर्षीय युवक को तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान हेतराम सिदार, पिता ईश्वर सिदार, उम्र 30 वर्ष, निवासी घोघरी के रूप में हुई है। हेतराम घोघरी स्थित आरा मशीन में काम करता था।
बताया जा रहा है कि काम खत्म करने के बाद वह सड़क पर आया ही था, तभी छपोरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कैप्सूल वाहन क्रमांक CG 07 CM 6140 ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।हादसे की सबसे बड़ी वजह सड़क की बदहाली को बताया जा रहा है। जिस सड़क पर यह हादसा हुआ, वह लंबे समय से जर्जर हालत में है। खास बात यह है कि ग्रैंड न्यूज़ ने करीब एक सप्ताह पहले ही इस जर्जर सड़क की खबर प्रमुखता से दिखाई थी और जिम्मेदारों को चेताया था कि सड़क की बदहाली कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
लेकिन आरोप है कि जिम्मेदारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया और आखिरकार एक युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने में जुट गई।वहीं कैप्सूल वाहन में शव के दबे होने के कारण जेसीबी की मदद से ग्रामीणों और परिजनों के सहयोग से शव को बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा था। देर रात तक शव को बाहर नहीं निकाला जा सका था।अब सवाल यही है कि आखिर जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा और कितनी जिंदगियों को भुगतना पड़ेगा?




