जगदलपुर में नशीली कैप्सूल बेचते दो आरोपी गिरफ्तार, स्कॉर्पियो और चाकू समेत 12.10 लाख का सामान जब्त

0 बस्तर पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से 216 नशीली कैप्सूल बरामद; NDPS एक्ट के तहत भेजे गए जेल
जगदलपुर, 27 नवंबर। बस्तर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली कैप्सूल बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित श्रेणी की 216 नशीली कैप्सूल, बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो और एक चाकू जब्त किया है। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना मिली थी कि दलपत सागर के रानी घाट के पास दो व्यक्ति बिना नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो में बैठकर अवैध रूप से नशीली कैप्सूल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर SP शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश, अतिरिक्त SP सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन और नगर SP आंशिका जैन के पर्यवेक्षण में कोतवाली TI लीलाधर राठौर के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मनीष प्रकाश सावल (33 वर्ष), निवासी नयापारा आड़ावाल, थाना बोधघाट और सुमित पाण्डेय (29 वर्ष), निवासी पनारापारा विजय वार्ड क्रमांक-1, जगदलपुर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से Dicyclomine HCl, Tramadol HCl और Acetaminophen युक्त PYEEVON SPAS PLUS की 27 स्ट्रिप में कुल 216 कैप्सूल बरामद किए गए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्कॉर्पियो और एक चाकू भी जब्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 21(B) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर विशेष न्यायालय NDPS जगदलपुर में पेश किया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, प्रमोद ठाकुर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उप निरीक्षक बिजेन्द्र सिंह सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बस्तर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




