चैनपुर में अवैध कोयला खनन के खिलाफ सीआईएसएफ का जागरूकता अभियान

कोरबा, 20 अप्रैल 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के दीपका खनन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) द्वारा विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान में सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने एसईसीएल कर्मियों एवं स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर चैनपुर गांव में ग्रामीणों को अवैध कोयला खनन और अनाधिकृत परिवहन के खिलाफ जागरूक किया।

अभियान के तहत टीम ने गांव के सरपंच विनोद टिकम से मुलाकात कर ग्रामीणों की बैठक आयोजित की। इस दौरान उपस्थित लोगों को अवैध कोयला खनन एवं कोयले के अनधिकृत परिवहन से जुड़े गंभीर कानूनी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि एसईसीएल दीपका क्षेत्र से संबंधित किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि में शामिल होना दंडनीय अपराध है, जिसके तहत कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
सीआईएसएफ अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार के लालच या दबाव में आकर अवैध गतिविधियों में शामिल न हों और क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल सुरक्षा बलों या प्रशासन को दें। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के अपराध न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि क्षेत्र की सुरक्षा और विकास के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करते हैं।
गांव के सरपंच विनोद टिकम ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता अभियान ग्रामीणों में कानूनी जानकारी बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव के लोग सुरक्षा एजेंसियों का पूरा सहयोग करेंगे और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि सीआईएसएफ द्वारा समय-समय पर इस तरह के अभियान चलाकर खनन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है। यह अभियान भी अवैध खनन और कोयला परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम जारी रहेंगे, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।



