चांपा में चाकू की नोक पर युवक से लूट, 400 रुपये और साइकिल को पहुंचाया नुकसान, एक आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 10 नवंबर 2026। जिले के चांपा थाना क्षेत्र में चाकू की नोक पर युवक से मारपीट कर लूटपाट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक को जान से मारने की धमकी देकर उससे 400 रुपये लूट लिए और उसकी साइकिल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजेश मांझी निवासी ग्राम दगौरी, जिला बिलासपुर दीपावली मनाने अपने मामा हीराराम मांझी के घर बेलदार पारा चांपा आया हुआ था। 9 नवंबर को वह अपने बड़े मां के बेटे लकेश्वर मांझी के साथ साइकिल से कपड़े खरीदने चांपा शहर गया था। खरीदारी के बाद दोनों वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे भोजपुर चौक के पास विनय उर्फ नेपाली अपने साथी गौरव साहू के साथ मोटरसाइकिल से पहुंचा और उन्हें रोक लिया।
आरोप है कि विनय ने लकेश्वर मांझी की मां को लेकर धमकी दी और राजेश मांझी के गले पर लोहे का कत्ता अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उससे पैसे मांगे। डर के कारण राजेश ने जेब में रखे 400 रुपये आरोपियों को दे दिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसकी साइकिल के सामने वाले टायर पर वार कर उसे फाड़ दिया और साइकिल की डंडी को भी कत्ते से मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों ने मोहल्ले के अन्य लोगों को भी धमकाया और गाली-गलौज करते हुए वहां से चले गए। इसी दौरान 112 वाहन को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 608/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी गौरव साहू पिता शिवकुमार साहू, उम्र 18 वर्ष, निवासी बेलदार पारा चांपा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने घटना में शामिल होना स्वीकार किया और लूट की रकम में से अपने हिस्से में मिली राशि खर्च करना बताया।
पुलिस ने आरोपी गौरव साहू को 10 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, प्रकरण का दूसरा आरोपी विनय उर्फ बाल्मिकी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में TI निरीक्षक कमलेश कुमार शेंडे, सहायक उपनिरीक्षक बीपी खांडेकर, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, आरक्षक मुद्रिका दुबे सहित चांपा थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।





