Chhattisgarh

गौरव पथ पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक की मांग, जर्जर सड़क की तत्काल मरम्मत हो

कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका क्षेत्र के गौरव पथ मार्ग पर बढ़ते भारी वाहनों के दबाव और सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव तनवीर अहमद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आम लोगों की सुरक्षा को देखते हुए ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने तक गौरव पथ पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

तनवीर अहमद ने बताया कि दीपका कोल माइंस द्वारा गौरव पथ पर ओवरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते सड़क की एक लेन को बंद कर दिया गया है। इसके कारण कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों सहित अन्य वाहनों को दूसरी लेन से गुजरना पड़ रहा है।

एक ही लेन से भारी कोयला वाहनों के साथ दोपहिया वाहन, हल्के वाहन, पैदल राहगीर और आम नागरिकों की आवाजाही होने से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि सड़क पर भारी वाहनों का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर सड़क बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

तनवीर अहमद ने मांग की कि ओवरब्रिज निर्माण पूरा होने तक गौरव पथ पर भारी वाहनों के परिचालन को तत्काल रोका जाए। साथ ही आम लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि किसी गंभीर हादसे को टाला जा सके।

ज्ञापन की प्रतिलिपि कलेक्टर कोरबा, तहसीलदार दीपका तथा दीपका कोल माइंस के संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है। तनवीर अहमद ने कहा कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।

Related Articles

Back to top button